गुवाहाटी। असम के कामरूप में एक पैसेंजर ट्रेन पटरी से उतर गई। कई डिब्बे पटरी से उतर जाने की वजह से करीब 50 यात्री घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ब्रेक फेल होने की वजह से यह हादसा हुआ। घटना बुधवार सुबह सात बजे की है। कामरूप में कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे में 50 यात्री घायल हुए हैं। हालांकि रेलवे का कहना है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।
नॉर्दन फ्रंटियर रेलवे यानी एनएफआर की ओर से बताया गया है कि, डिगारू स्टेशन पर ट्रेन को दूसरी लाइन पर लेने के दौरान लोको पायलट स्पीड कम नहीं कर सका, इससे ट्रेन डेड एंड पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई। एक वीडियो भी सामने आया है। करीब 45 सेकेंड के इस वीडियो में इंजन के लोको पायलट केबिन का अंदरूनी हिस्सा दिखाई दे रहा है। इसमें कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले, स्विच और इंजन के उपकरण लगे हुए हैं।
इसमें लोको पायलट कह रहे हैं, ‘कुछ भी काम नहीं कर रहा। सिग्नल रेड हैं। इमरजेंसी लगा हुआ है, काम नहीं कर रहा है। एस-9 ए-9 कुछ भी काम नहीं कर रहा है’। गौरतलब है कि एस-9 ए-9 ब्रेक सिस्टम के नाम हैं। बहरहाल, हादसे के बाद रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और राहत व बचाव दल मौके पर पहुंचे। यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। यात्रियों के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था करके उन्हें गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



