कांग्रेस पार्टी ने वैसे तो अपना मुख्यालय इंदिरा भवन में शिफ्ट कर लिया है, जो राजधानी के दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर ही स्थित है। हालांकि कांग्रेस कोटला मार्ग से एंट्री दिखाती है इससे पहले कांग्रेस का मुख्यालय 24, अकबर रोड पर था। अब भी वह इमारत कांग्रेस के पास है और कई प्रकोष्ठ के कार्यालय वहां से काम करते हैं। उस इमारत की खास बात यह है कि उससे सटे सोनिया गांधी का 10, जनपथ आवास है। वे पैदल कांग्रेस कार्यालय पहुंचती रही हैं। कहा जा रहा है कि कांग्रेस किसी तरह से 24, अकबर रोड बचाए रखना चाहती है। वैसे पहले भी कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि भाजपा अभी तक 11, अशोक रोड अपने पास ऱखे हुए और उसके कई विभाग वहां से काम करते हैं तो कांग्रेस के पास भी 24, अकबर रोड बंगला रहना चाहिए।
लेकिन मुश्किल यह है कि किसके नाम पर इतना बड़ा बंगला आवंटित किया जाए? पूर्व प्रधानमंत्री की पत्नी के नाते सोनिया गांधी को बड़ा बंगला मिला है और लोकसभा और राज्यसभा में नेता विपक्ष के नेता राहुल गांधी व मल्लिकार्जुन खड़गे को भी बंगला मिला है। सुरक्षा कारणों से प्रियंका गांधी वाड्रा को भी एक बंगला मिला है। लेकिन टाइप आठ का बंगला किसके नाम पर आवंटित हो सकता है यह नहीं दिख रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री अगर सांसद हो तो उसके बंगला मिलता है। दिग्विजय सिंह को लोधी इस्टेट में बंगला मिला हुआ है। और कोई पूर्व मुख्यमंत्री नहीं दिख रहा है, जो सांसद हो। कई बार के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री के नाम पर भी बंगला आवंटित हो सकता है। लेकिन वह भी आवास समिति की मर्जी पर होगा कि वह 24, अकबर रोड आवंटित करे या नहीं.। कहा जा रहा है कि कांग्रेस रायसीना रोड का बंगला छोड़ने को तैयार है, जहां यूथ कांग्रेस का कार्यालय है लेकिन किसी तरह से 24, अकबर रोड बचाना है।


