अब दिल्ली पुलिस ‘काले कोट’ वालों यानी वकीलों से लड़ेगी। पुलिस और वकीलों के बीच पहले भी झगड़े हुए हैं और कई बार मारपीट की भी नौबत आई थी। लेकिन कभी भी इस तरह का तनाव नहीं हुआ कि दिल्ली पुलिस के लोग वकीलों के खिलाफ दिल्ली पुलिस मुख्यालय के सामने प्रदर्शन करें। असल में शाहदरा के दो पुलिस अधिकारियों को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि उनका झगड़ा वकीलों से हुआ और उस दौरान पुलिस अधिकारी ने पिस्तौल निकाल कर डराने की कोशिश की। इसके बाद वकील हड़ताल पर चले गए तो पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया।
अब पुलिस के अधिकारी और जवान प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन के दौरान वकीलों के खिलाफ खूब बदजुबानी हुई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि प्रदर्शन करने वाले किसी पुलिसकर्मी के ऊपर मुकदमा नहीं होना चाहिए। सोचें, पुलिस और वकील दोनों का काम एक दूसरे के बिना नहीं चलने वाला है। लेकिन दोनों का विवाद नहीं बढ़े, इसका कोई प्रयास ऊपर से नहीं किया गया। ध्यान रहे कुछ दिन पहले इसी तरह से दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। पुलिस वालों की ओर से अदालत में याचिका दी गई थी कि प्रदर्शनकारी उनको मार रहे थे। पुलिसकर्मियों के परिजनों से प्रेस कॉन्फ्रेंस कराई गई, जिसमें कहा गया कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वालों को पीटा है और इससे वे काफी अपमानित महसूस कर रहे हैं। सोचें, यह दिल्ली पुलिस है! अमित शाह की दिल्ली पुलिस!
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



