य़ह लाख टके का सवाल है कि मीडिया के लोगों को यह खबर कहां से मिली कि 209 सीटों पर उम्मीदवारों की एक सूची तैयार की गई है और वह सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है? इसे लेकर यही चर्चा है कि पार्टी के अंदर सब कुछ ठीक नहीं है और यह दिल्ली व लखनऊ में खींचतान का नतीजा है। इसे लेकर दोनों तरह की खबरें हैं। कुछ लोग बता रहे हैं कि खबर भाजपा के दिल्ली कार्यालय से दी गई है। इसका कारण यह है कि खबर दिल्ली की मीडिया ने ब्रेक की। लखनऊ में मीडिया में यह खबर नहीं चली। दिल्ली में भाजपा कवर करने वाले पत्रकारों में से एक ने इस खबर को हाईलाइट किया। यह तो तय है कि सूची लखनऊ से आई है। यह भी कहा जा रहा है कि संयोग से किसी पत्रकार को इसकी खबर मिल गई। हालांकि खबर लीक हो जाने के बाद दोनों पक्ष एक दूसरे को संदेह की नजर से देख रहे हैं।
असल में इस बार योगी आदित्यनाथ कोई चांस नहीं लेना चाहते हैं। वे अच्छे उम्मीदवार भी चाहते हैं और अपने उम्मीदवार भी चाहते हैं। अच्छा उम्मीदवार इसलिए चाहिए ताकि 10 साल की एंटी इनक्म्बैंसी को हरा सके और अपना उम्मीदवार इसलिए ताकि चुनाव के बाद नेतृत्व का सवाल आए तो उनके साथ खड़ा हो। दूसरी ओर भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व यह तो चाहता है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा जीते क्योंकि नरेंद्र मोदी और अमित शाह भी यूपी में हारना अफोर्ड नहीं कर सकते हैं। लेकिन वे यह भी चाहते हैं कि टिकट बंटवार उनके हिसाब से हो। उनके हिसाब का मतलब है कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रभारी विनोद तावड़े की सूची को तरजीह दी जाए। जानकार सूत्रों का कहना है कि योगी आदित्यनाथ की टीम ने सचमुच सूची तैयार की है लेकिन उसे पहले पंक्चर कर दिया गया है। आगे शह और मात का खेल चलता रहेगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



