राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

पित्रोदा ने मोदी की तारीफ क्यों की?

sam pitroda

यह लाख टके का सवाल है, जिसका जवाब कांग्रेस के नेता भी खोज रहे हैं। सामान्य राजनीतिक दिनों में इसे शिष्टाचार की बात मान सकते हैं कि गुजराती होने के नाते पित्रोदा ने मोदी की तारीफ की और बदले में मोदी ने पित्रोदा और उनकी पत्नी को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। लेकिन अभी राजनीति सामान्य नहीं है और कांग्रेस व भाजपा में शिष्टाचार वाला संबंध नहीं बचा है। अगर सोनिया व राहुल बनाम नरेंद्र मोदी के संबंधों को देखें तो वहां शिष्टाचार की संभावना और भी खत्म हो गई है। तभी सैम पित्रोदा का बयान हैरान करने वाला है। उन्होंने न सिर्फ मोदी के साथ अच्छे संबंधों की दुहाई दी, बल्कि मोदी की खुल कर तारीफ की। उनकी मेहनत और उनके व्यवहार की सराहना की।

सोचें, एक तरफ सोनिया गांधी कह रहे हैं कि मोदी उनसे आंख नहीं मिलाते हैं और राहुल गांधी कह रहे हैं कि मोदी विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने हैं तो दूसरी ओर इन दोनों के सबसे खास सलाहकार और परिवार के मित्र सैम पित्रोदा ने मोदी की तारीफ कर दी। इसकी टाइमिंग सबसे अहम है। अगले कुछ दिन में राहुल की अमेरिका यात्रा होनी है, जिसका सारा बंदोबस्त पित्रोदा देख रहे हैं। इधर सोनिया गांधी की किताब आई है, जिससे मोदी और नेहरू-गांधी परिवार के बीच का कंट्रास्ट स्थापित किया जा रहा है। और इसी बीच सैम पित्रोदा ने ऐसा बयान दिया, जिससे कांग्रेस का पूरा अभियान पंक्चर हुआ है। ध्यान रहे पित्रोदा कोई सामान्य कांग्रेसी नहीं हैं और न उनकी पहचान सिर्फ ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष की है। वे राजीव गांधी के जमाने से परिवार के मित्र हैं। सो, उनके बयान के बाद कांग्रेस के नेता आगे की लाइन पूछ रहे हैं कि उनको क्या करना है।

By NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a comment