कांग्रेस पार्टी क्या अरविंद केजरीवाल के ऊपर हमला बंद करेगी? अब तक शराब नीति से जुड़े कथित घोटाले और फीडबैक यूनिट के जरिए नेताओं व अधिकारियों की जासूसी के मामले में कांग्रेस पार्टी केजरीवाल पर हमलावर रही है। कांग्रेस नेताओं ने फीडबैक यूनिट वाले मामले में तो केजरीवाल के ऊपर देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग की है। इसके लिए संदीप दीक्षित सहित कई नेताओं ने उप राज्यपाल को चिट्ठी लिखी थी। शराब से जुड़े मामले में भी दिल्ली के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी लगातार हमलावर रहे हैं। दूसरी ओर केजरीवाल भी कांग्रेस को निशाना बनाते रहे थे। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए भी कांग्रेस को नहीं छोड़ा। पिछले दिनों उन्होंने कहा था कि कांग्रेस ने 70 साल में जितना लूटा उतना भाजपा ने सात साल में ही लूट लिया है।
बहरहाल, अब स्थितियां बदल रही हैं। राहुल गांधी को सजा होने और लोकसभा की सदस्यता समाप्त होने के बाद पहली बार केजरीवाल खुल कांग्रेस के समर्थन में उतरे। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया। इसके बाद जब सीबीआई ने केजरीवाल को समन भेजा तो कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने फोन करके उनसे बात की और कांग्रेस की ओर से उनको समर्थन दिया। हालांकि दिल्ली प्रदेश कमेटी और पंजाब कांग्रेस कमेटी के नेता अब भी केजरीवाल को निशाना बनाय रहे हैं लेकिन खड़गे के बात करके समर्थन देने के बाद अब माना जा रहा है कि कांग्रेस सद्भाव दिखाएगी। वैसे भी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के दौरान केजरीवाल का रुख बदला हुआ था। उन्होंने विपक्षी एकता से दूरी की नीति छोड़ कर विपक्ष के साथ रहने की बात कही थी। तभी ऐसा लग रहा है कि अब दोनों पार्टियां एक दूसरे पर हमला बंद करेंगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


