राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

अडानी बनाम अंबानी के चैनल का सर्वे!

कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर कई सर्वे आ गए हैं। आठ मई को प्रचार बंद होने से पहले तक कुछ और सर्वे आएंगे। चुनाव पूर्व हो रहे इन सर्वेक्षणों के अनुमान बहुत अलग अलग हैं। आमतौर पर सर्वेक्षणों में इतना फर्क नहीं होता है, जितना इस बार दिख रहा है। इस बार कुछ चैनल कांग्रेस की पूर्ण बहुमत से जीत बता रहे हैं तो कुछ सर्वेक्षण पूर्ण बहुमत से भाजपा को जीतते बता रहे हैं। दोनों पार्टियां अलग अलग मीडिया समूहों और सर्वेक्षण करने वाली एजेंसियों के आंकड़े अपनी बढ़त दिखाने के लिए पेश कर रहे हैं।

इनमें सबसे दिलचस्प मामले देश के दो सबसे बड़े औद्योगिक घरानों के न्यूज चैनलों का है। अदानी समूह का चैनल ‘एनडीटीवी’, जहां भाजपा के हारने और कांग्रेस के पूर्ण बहुमत से जीतने का अनुमान बता रहा है तो दूसरी ओर अंबानी समूह का चैनल ‘नेटवर्क 18’ भाजपा को सबसे ज्यादा सीट के साथ बहुमत के करीब पहुंचता दिखा रहा है। सवाल है कि क्यों अदानी समूह के चैनल ने देश की सबसे प्रतिष्ठित संस्थाओं में से एक सीएसडीएस के साथ सर्वे कराया और उसके नतीजे अपने चैनल पर दिखाए? उसने भी क्यों नहीं अंबानी समूह के चैनल की तरह भाजपा की जीत की भविष्यवाणी कराई?

अदानी समूह के चैनल ‘एनडीटीवी’ पर सीएसडीएस का सर्वेक्षण आया, जिसमें सीटों की संख्या नहीं बताई गई, लेकिन इस सर्वेक्षण का नतीजा यह था कि कर्नाटक के लोग कांग्रेस के सिद्धरमैया को मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं। भाजपा के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के मुकाबले सिद्धरमैया को करीब 15 फीसदी की बढ़त बताई गई। इसी तरह सीएसडीएस के सर्वेक्षण में बताया गया है कि कर्नाटक के लोग कांग्रेस के मुकाबले भाजपा को ज्यादा भ्रष्ट और ज्यादा वंशवादी मानते हं। इसी तरह इस सर्वेक्षण का एक निष्कर्ष यह था कि कर्नाटक की जनता भाजपा के मुकाबले कांग्रेस को कार्यकुशल और सक्षम मानती है। अगर इस सर्वेक्षण के हिसाब से सीटें आईं तो कांग्रेस को डेढ़ सौ सीट भी मिल सकती है।

दूसरी ओर अंबानी समूह के चैनल ‘नेटवर्क 18’ के कन्नड़ चैनल ने अपने सर्वेक्षण में बताया है कि भाजपा को 105 सीटें मिलेंगी और कांग्रेस 87 सीट पर रह जाएगी। गौरतलब है कि पिछले चुनाव में भाजपा को 104 सीटें मिली थीं। इस चैनल के अनुमान को केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने ट्विट किया। इसके अलावा उन्होंने तीन और चैनलों के अनुमान ट्विट किए। हिंदी चैनल ‘जी न्यूज’ के मुताबिक भाजपा को 103 से 115 और कांग्रेस को 79 से 91 सीटें मिलेंगी। कन्नड़ चैनल ‘टीवी 9’ के मुताबिक भाजपा के 105 से 110 और कांग्रेस को 90 से 97 सीटें मिलेंगी। एक दूसरे चैनल ‘एशियानेट सुवर्णा न्यूज’ के मुताबिक भाजपा को 100 से 114 और कांग्रेस को 86 से 98 सीटें मिलेंगी। सो, ये चार सर्वेक्षण भाजपा की बता रहे हैं, जबकि सीएसडीएस और सी वोटर के सर्वे में कांग्रेस को बढ़त है।

By NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *