हांगझोऊ। 19वें एशियाई खेलों में सोमवार को भारत के स्वर्ण पदक का खाता खुला। एयर राइफल में भारत ने पहला स्वर्ण जीता और उसके बाद महिला क्रिकेट टीम ने दूसरा स्वर्ण दिलाया। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 11 पहुंच गई। दूसरे दिन 11 पदक के साथ भारत पदक तालिका में छठे स्थान पर रहा। पहले स्थान पर मेजबान चीन है, जिसने अब तक 39 स्वर्ण पदक के साथ कुल 69 पदक जीते हैं। 33 पदक के साथ दूसरे स्थान पर दक्षिण कोरिया और 31 पदक के साथ तीसरे स्थान पर जापान है।
बहरहाल, सोमवार को भारत को सबसे पहले एयर राइफल की 10 मीटर की स्पर्धा में स्वर्ण पदक मिला। इसी मुकाबले में ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। रोइंग में भी भारत ने एक कांस्य पदक हासिल किया। क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को 19 रन से हराकर देश के लिए दूसरा स्वर्ण पदक जीता। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय महिला ने 20 ओवर में सात विकेट पर 116 रन बनाए थे। भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंकाई महिला टीम को 20 ओवर में 97 रन ही बनाने दिया। उसके आठ खिलाड़ी आउट हुए। इस तरह भारतीय टीम 19 रन से मैच जीतने में सफल रही।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


