न्यूजीलैंड के बल्लेबाज रचिन रवींद्र पिछले सप्ताह एक प्रमोशनल शूट के दौरान कंधे में लगी चोट के कारण भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं।
ऐसा माना जा रहा है कि रवींद्र को ठीक होने में लगभग छह सप्ताह का समय लगेगा, ताकि वह चार नवंबर से शुरू होने वाले वनडे मैचों के लिए उपलब्ध हो सकें। टी-20 सीरीज 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में शुरू होगी।
न्यूज़ीलैंड के मुख्य कोच रॉब वॉल्टर ने कहा, “रचिन के लिए हमें बहुत बुरा लग रहा है। वह इस समर में हमारे लिए अहम भूमिका निभाने वाले हैं, इसलिए जरूरी है कि वह अपनी रिकवरी में जल्दबाजी न करें, लेकिन हमें उम्मीद है कि वह वनडे सीरीज के लिए वापसी कर लेंगे।”
बेवॉन जैकब्स, जिन्होंने 11 टी-20 मैच खेले हैं और बंगलादेश के खिलाफ अपने पिछले मैच में नाबाद 62 रन बनाए थे, उन्हें मिडिल-ऑर्डर के विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। तेज गेंदबाज एडम मिल्ने एक साल से अधिक समय बाद अपना पहला टी-20 मैच खेलने के लिए तैयार हैं। मिल्ने तेज़ गेंदबाज़ों के उस मज़बूत ग्रुप का हिस्सा हैं जिसमें लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, जैकब डफी, ज़ैक फॉल्क्स और नाथन स्मिथ भी शामिल हैं। बेन सियर्स पर विचार नहीं किया गया क्योंकि वह टखने की चोट से उबर रहे हैं।
वॉल्टर ने कहा कि तेज गेंदबाज़ों का बड़ा ग्रुप एक व्यस्त सीजन की शुरुआत में वर्कलोड को मैनेज करने में मदद करेगा। इस सीजन में न्यूजीलैंड को भारत के दौरे के बाद ऑस्ट्रेलिया में चार टेस्ट मैच खेलने हैं और फिर अगले साल की शुरुआत में श्रीलंका के खिलाफ खेलने के लिए घर लौटना है।
Also Read : भारतीय महिला हॉकी टीम ने थाईलैंड को 20-1 से हराया
वॉल्टर ने कहा, “हमारी प्राथमिकता मैच जीतना और मैदान पर सबसे अच्छी टीम उतारना है, लेकिन हमें आने वाले महीनों में होने वाले क्रिकेट के भारी शेड्यूल का भी ध्यान रखना होगा। हम बहुत भाग्यशाली हैं कि हमारे पास इतने सारे खिलाड़ी उपलब्ध हैं, इसलिए हम वर्कलोड को मैनेज करते हुए पूरी सीरीज़ में सभी 16 सदस्यों वाली टीम इस्तेमाल करने की कोशिश करेंगे।”
फिन एलन और टिम साइफर्ट, जिनके पास एनजेडसी के साथ कैज़ुअल कॉन्ट्रैक्ट हैं और जो साल के आखिर में बीबीएल खेलेंगे, टी-20 वर्ल्ड कप के बाद पहली बार टॉप ऑर्डर में एक साथ खेलते नज़र आएंगे। इसका मतलब है कि टीम में टिम रॉबिन्सन के लिए कोई जगह नहीं है।
वॉल्टर ने कहा, “भारत का अपनी जमीन पर स्वागत करना और समर सीजन की शुरुआत करना बहुत शानदार होगा। भारत एक बेहतरीन टीम है और एक मुश्किल प्रतिद्वंद्वी है, इसलिए अपने ही मैदान पर कीवी फैंस के सामने उनका सामना करना वाकई रोमांचक है।
सुनने में आया है कि ज़्यादातर मैचों के टिकट बिक चुके हैं और ये मैच शानदार मौके साबित होंगे। हमारी टीम लगभग पूरी मजबूती के साथ तैयार है और इसमें हर तरह की ज़रूरतें पूरी होती हैं। मैं यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि हम मौजूदा टी-20 वर्ल्ड चैंपियन के ख़िलाफ़ कैसा खेलते हैं भारत के खिलाफ पांच टी-20 मैचों के बाद पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेले जाएँगे।
भारत के खिलाफ टी-20 के लिए न्यूजीलैंड की टीम इस प्रकार है:-
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैक फॉल्क्स, मैट हेनरी, बेवन जैकब्स, काइल जैमीसन, एडम मिल्ने, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम साइफर्ट और नाथन स्मिथ।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



