इंग्लैंड के तेज गेंदबाज सॉनी बेकर ने अगले महीने होने वाली आईपीएल नीलामी में शामिल होने का फ़ैसला किया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बेहतरीन साल व्यतीत करने के बाद कई फ्रेंचाइजियों की नजर बेकर पर है।
क्रिकइंफो को पता चला है कि 23 वर्षीय बेकर 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले मिनी ऑक्शन में शामिल होंगे। उन्हें अपनी टीम में शामिल करने में दिलचस्पी दिखाने वाली टीमों में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) शामिल हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ वनडे सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुक़ाबले में उन्होंने 45 रन देकर चार विकेट हासिल किए थे। इस मैच में उन्हें जोफ़्रा आर्चर से पहले नई गेंद सौंपी गई थी।
घर पर कुछ समय बिताने के बाद बेकर इंग्लैंड के आगामी टेस्ट दौरे के लिए 2 दिसंबर को दक्षिण अफ़्रीका के लिए रवाना होंगे। यह बतौर टेस्ट मुख्य कोच स्टीफन फ़्लेमिंग का पहला दौरा होगा। जॉश टंग अपने दूसरे बच्चे के जन्म के चलते दौरे की शुरुआत में उपलब्ध नहीं होंगे। बेकर जोहान्सबर्ग में होने वाले पहले टेस्ट में खेल सकते हैं जो कि 17 दिसंबर को शुरू होगा। यह टेस्ट आईपीएल नीलामी के ठीक अगले दिन शुरू होगा।
बेकर नियमित तौर पर 90 मील प्रति घंटे की गति से गेंदबाजी करने में सक्षम हैं और इस पहलू ने उन फ्रेंचाइजियों का ध्यान बेकर की ओर आकर्षित किया है जो अपने तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत करना चाहते हैं। बेकर ने इस साल द हंड्रेड में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया था जो कि आरपीएसजी ग्रुप का हिस्सा है। ऐसे में एलएसजी बेकर में दिलचस्पी दिखा सकती है। बेकर ने अपनी टीम को पहला द हंड्रेड ख़िताब जिताते हुए फ़ाइनल में 24 रन देकर दो विकेट हासिल किए थे, टूर्नामेंट में उन्होंने कुल 13 विकेट हासिल किए थे।
ईसीबी ने पिछले महीने बेकर को दो साल का केंद्रीय अनुबंध दिया था। पिछले सप्ताह सफ़ेद गेंद में मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने इसकी पुष्टि की थी कि मई में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ होने वाली वनडे सीरीज के लिए खिलाड़ियों को 2027 के संस्करण से जल्दी वापस नहीं बुलाया जाएगा, भले ही साल के अंत में विश्व कप क्यों न हो।
Also Read : टिकनर चोटिल, फिशर न्यूजीलैंड टेस्ट टीम में शामिल
क्रिकेट के सभी प्रारूपों में ख़ुद को स्थापित करने की महत्वाकांक्षा बेकर के भीतर है और अगली गर्मियों में होने वाली ऐशेज को देखते हुए उन्होंने नीलामी में शामिल होने के लिए ईसीबी से जरूरी आश्वासन मांगे हैं। पिछले महीने जब बेकर से आईपीएल में खेलने की उनकी इच्छा के बारे में पूछा गया था तब उन्होंने कहा था यह पूरी तरह से उस समय की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। इंग्लैंड के लिए खेलना हमेशा मेरी पहली प्राथमिकता होगी।
क्रिकइंफो ने पिछले सप्ताह बताया था कि बेकर के इंग्लैंड और एमएसजी के टीममेट टंग ने ऐशेज की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए नीलामी में शामिल नहीं होने का फ़ैसला किया है। शनिवार को टी20 में डेब्यू करने वाले हेनरी क्रॉकॉम्ब ने भी नीलामी में शामिल नहीं होने का फ़ैसला किया है और वह अप्रैल और मई में काउंटी चैंपियनशिप में अपनी नई काउंटी टीम सरे के लिए खेलते नजर आएंगे।
पिछले सप्ताह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु द्वारा रिलीज किए गए जेकब बेथेल भी अगले साल आईपीएल नहीं खेलेंगे और पिछले सप्ताह उन्होंने पुष्टि की कि उनका घुटने का एक और ऑपरेशन हुआ है। बेथल ने इंस्टाग्राम पर लिखा सबकुछ योजना के मुताबिक हुआ, अब काम पर लौटने का समय है। मजबूती से वापसी करूंगा।
अगले महीने होने वाली नीलामी से पहले इंग्लैंड के 10 खिलाड़ियों को विभिन्न फ्रेंचाइजियों ने रिटेन किया है: आर्चर (राजस्थान रॉयल्स), टॉम बैंटन और जॉस बटलर (गुजरात टाइटंस), ब्राइडन कार्स (सनराइजर्स हैदराबाद), जॉर्डन कॉक्स और फ़िल सॉल्ट (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु), सैम करन (लखनऊ सुपर जायंट्स), लियम लिविंगस्टन और जेमी ओवर्टन (चेन्नई सुपर किंग्स) और विल जैक्स (मुंबई इंडियंस)।
नीलामी के लिए पंजीकरण कराने वाले सभी खिलाड़ियों की सूची इस सप्ताह के आख़िर में फ्रेंचाइजियों को भेजी जाएगी।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



