Wednesday

21-05-2025 Vol 19

मई में 1.57 लाख करोड़ जीएसटी मिली

384 Views

नई दिल्ली। मई के महीने में केंद्र सरकार ने वस्तु व सेवा कर यानी जीएसटी के मद में एक लाक 57 हजार करोड़ रुपए का राजस्व वसूल किया है। यह एक महीना पहले यानी अप्रैल के मुकाबले 30 हजार करोड़ रुपए कम है लेकिन साल दर साल के लिहाज से देखें तो मई 2022 के मुकाबले 12 फीसदी ज्यादा है। मई 2022 में एक लाख 40 हजार करोड़ रुपए जीएसटी वसूली गई थी, जबकि अप्रैल 2023 में एक लाख 87 हजार करोड़ की वसूली के साथ नया रिकॉर्ड बना था।

बहरहाल, गुरुवार को वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा- मई 2023 में जीएसटी राजस्व एक लाख 57 हजार 90 करोड़ रुपए रहा है। इसमें केंद्रीय यानी सीजीएसटी 28,411 करोड़ रुपए, राज्यों का यानी एसजीएसटी 35,828करोड़ रुपए और एकीकृत यानी आईजीएसटी 81,363 करोड़ रुपए रहा। इसमें वस्तुओं के आयात पर इकट्ठा किया गया 41,772 करोड़ रुपया और सेस यानी उपकर का 11,489 करोड़ रुपया शामिल है। उपकर में वस्तुओं के आयात से मिले 1,057 करोड़ रुपए शामिल हैं।

अगर पूरे वित्त वर्ष 2022-23 की बात करें तो इसमें कुल 18.10 लाख करोड़ रुपए का जीएसटी संग्रह हुआ। इसके आधार पर हर महीने जीएसटी संग्रह का औसत आंकड़ा 1.51 लाख करोड़ रुपए रहा है। वित्त वर्ष 2022-23 में जीएसटी का सकल राजस्व इससे पिछले वित्त वर्ष यानी 2021-22 की तुलना में 22 फीसदी ज्यादा रहा है। मई 2023 में जीएसटी संग्रह के लिहाज से महाराष्ट्र सबसे ऊपर है। महाराष्ट्र में 23,536 करोड़ रुपए राजस्व मिला। दूसरे स्थान पर 10,317 करोड़ के कलेक्शन के साथ कर्नाटक रहा।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *