घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट देखी गई और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा लुढ़क गया।
सेंसेक्स 502 अंक चढ़कर 84,421.97 अंक पर खुला और खुलते ही 743 अंक ऊपर 84,662 अंक पर पहुंच गया। हालांकि कुछ ही देर में बाजार में बिकवाली हावी हो गई और यह 921 अंक की गिरावट में 82,998 अंक तक उतर गया। खबर लिखे जाते समय सेंसेक्स 578.59 अंक (0.69 प्रतिशत) नीचे 83,341.12 अंक पर था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 128 अंक ऊपर 25,929 अंक पर खुला। बाद में यह भी लाल निशान में चला गया। खबर लिखे जाते समय सूचकांक 177.80 अंक यानी 0.69 फीसदी टूटकर 25,622.80 अंक पर रहा।
Also Read : सेरांग अग्निकांड में अब तक 24 की मौत
प्रमुख सूचकांकों के साथ वृहत बाजार में भी गिरावट है। सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी आईटी इस समय सवा दो फीसदी से अधिक की बढ़त में है। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, मीडिया, फार्मा और स्वास्थ्य समूहों के सूचकांक भी हरे निशान में हैं।
धातु, बैंकिंग, वित्त, तेल एवं गैस और सीमेंट सेक्टरों में बिकवाली से बाजार दबाव में है। रसायन, ऑटो और एफएमसीजी सेक्टरों के सूचकांक भी फिलहाल गिरावट में हैं।
सेंसेक्स की कंपनियों में टीसीएस का शेयर चार प्रतिशत, टेक महिंद्रा का तीन प्रतिशत और मारुति सुजुकी का दो प्रतिशत से अधिक चढ़ा है। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस और टाइटन के शेयर भी एक से दो प्रतिशत के बीच ऊपर चल रहे हैं।
टाटा स्टील का शेयर इस समय करीब साढ़े सात फीसदी नीचे है। एक्सिस बैंक में दो प्रतिशत से अधिक की गिरावट है। अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और एलएंडटी के शेयर भी एक दो प्रतिशत नीचे हैं।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



