राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

शेयर बाजार में तेजी थमी, बैंकिंग और आईटी शेयरों में गिरावट

अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने की संभावनाओं के बीच डॉलर की मजबूती तथा विदेशी बाजारों से नरमी के समाचारों से प्रभावित स्थानीय शेयर बाजार में बुधवार को चुनिंदा शेयरों में मुनाफा वसूली के चलते तेजी का सिलसिला टूट गया और बाजार के प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए।

बीएसई 30 सेंसेक्स 82,031.81 पर 500.38 अंक (0.61 प्रतिशत) टूट गया जबकि एनएसई का निफ्टी50 बाजार बंद होने के समय 25,227.95 पर कल की तुलना में 159.45 अंक (0.63 प्रतिशत) गिरावट दर्ज की गयी।

सेंसेक्स और निफ्टी कल तेजी के साथ कमश: 82,532.19 और 25,387.40 पर बंद हुए थे। इस सप्ताह पहले दो कारोबारी दिवसों में बाजार में तेज सुधार दर्ज किया गया था। आज बैंकिंग, वित्त, मेटल और आई शेयरों में बिकवाली का दबाव बढ़ा हुआ था।

बाजार को अमेरिकी आंकड़ों और वहां के केंद्रीय बैंक की बाजार समिति की पिछली बैठक की कार्रवाई रिपोर्ट का इंतजार है।सेंसेक्स 82,376.56 पर खुलने के बाद ऊपर में 82,578.87 तथा नीचे में 81,780.47 अंक तक गया था। निफ्टी 50 सुबह 25,323.15 पर खुला था।

बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयर गिरावट में बंद हुए जबकि आठ में लाभ रहा। लाभ में रहे शेयरों में एसबीआई 2.26 प्रतिशत, आईटीसी 1.37 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट 1.22 प्रतिशत के लाभ में रहा। पावर ग्रिड, ट्रेंट, सन फार्मा, मारुति, और आईसीआईसीआई बैंक भी लाभ में बंद हुए।

ज्यादा गिरावट में रहे शेयरों में टाइटन 4.82 प्रतिशत टूट गया, टीसीएस में 2.49 प्रतिशत, इटरनल और बजाज फाइनेंस में 2.45-2.45 प्रतिशत तथा इंडिगो में 1.97 प्रतिशत और इन्फोसिस में 1.86 प्रतिशत की गिरावट रही।

Also Read : रणनीतिक संबंध मजबूत करेंगे जिनपिंग और पुतिन

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के सम्पत्ति प्रबंधन प्रभाग के अनुसंधान प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा हाल ही में आई तेज़ी के बाद, भारतीय बाज़ारों में अब ठहराव देखने को मिल सकता है। इसकी मुख्य वजह कमज़ोर वैश्विक संकेत और व्यापक रूप से बाज़ारों में थोड़ी-बहुत मुनाफावसूली है।

विदेशी संस्थागत निवेशकों ने खरीदारी जारी रखी है; पिछले सत्र में उन्होंने लगभग 4,000 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। निवेशक अब कल आने वाले प्रमुख वैश्विक आंकड़ों पर नज़र रखेंगे, जिनमें अमेरिका के रोज़गार के आंकड़े और फेडरल रिजर्व की खुले बाजार की क्रियाओं संबंधी समीति की पिछली बैठक की कार्रवाई रिपोर्ट शामिल हैं।

मज़बूत अमेरिकी डॉलर और अमेरिकी फेडरल रिज़र्व द्वारा ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की बढ़ती उम्मीदों के दबाव के चलते, निफ्टी मेटल में 2.5 प्रतिशत की गिरावट आई। निफ्टी ऑटो में 1.4 प्रतिशत की गिरावट रही, जबकि मीडिया और सार्वजिनक बैंकों के सूचकांक में क्रमशः 0.5 प्रतिशत और 0.6 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली।

सोने और चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट आई और ये कई महीनों के निचले स्तर पर आ गईं। एमसीएक्स पर सोना लगभग 2 प्रतिशत और चांदी करीब 3 प्रतिशत गिर गयी, जिसका असर ज्वेलरी और गोल्ड-फाइनेंसिंग कंपनियों के शेयरों पर पड़ा।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के अनुसंधान प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बाजार समिति के मिनट से पहले फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के सख्त बयानों ने फेड द्वारा दरों में और बढ़ोतरी की उम्मीदों को बढ़ा दिया है। इसके चलते अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ, जिससे सोने जैसी ऐसी संपत्तियों पर दबाव पड़ा जिनसे कोई नियमित आय नहीं मिलती; साथ ही, वैश्विक कमोडिटी कीमतों में भी गिरावट आई।

घरेलू यील्ड में भी बढ़ोतरी हुई, जिससे हाल के ऊंचे स्तरों के आसपास निवेशकों ने मुनाफावसूली की। ऊंची यील्ड का असर इक्विटी वैल्यूएशन पर पड़ा, जबकि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और विदेशी निवेश के प्रवाह ने रुपये को मजबूती बनाए रखने में मदद की।

सूचना प्रौद्योगिकी सेक्टर में भी गिरावट आई, क्योंकि एनविडिया के नतीजों ने एआई के कारण पारंपरिक सेवाओं में आने वाले बदलावों को लेकर चिंताएं बढ़ा दीं हैं।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment