राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

रणनीतिक संबंध मजबूत करेंगे जिनपिंग और पुतिन

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने तथा बहुध्रुवीय वैश्विक व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता जतायी और आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, श्री जिनपिंग ने चीन और रूस के संबंधों को ‘पहाड़ की तरह स्थिर और तूफानों से अप्रभावित’ बताया। उन्होंने कहा कि उथल-पुथल और बदलाव के दौर से गुजर रही दुनिया में दोनों देशों के संबंधों ने अधिक स्थिरता और निश्चितता प्रदान की है। उन्होंने दोनों देशों से सहयोग को और गहरा करने, सहयोग के नये क्षेत्रों की संभावनाएं तलाशने और बहुध्रुवीय अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को आगे बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय मामलों में अमेरिका के वर्चस्व को कम करना है।

श्री पुतिन ने भी श्री जिनपिंग की बातों का समर्थन करते हुए द्विपक्षीय व्यापार तथा वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में बढ़ते सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंध उनकी आबादी को लाभ पहुंचा रहे हैं और अधिक न्यायपूर्ण बहुध्रुवीय विश्व के निर्माण के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा अनुभव से पता चला है कि आर्थिक वर्चस्व और वास्तविक दबाव बनाने के पारंपरिक तरीके अब काफी हद तक अपनी उपयोगिता खो चुके हैं और उनका डर पैदा करने वाला प्रभाव भी काफी कम हो गया है।

उन्होंने कहा कि प्रतिबंधों, शुल्कों और निर्यात पर पाबंदियों का अब भी कुछ हद तक दबाव बनाने वाला प्रभाव हो सकता है, लेकिन ये उपाय आर्थिक विकास को रोकने में सक्षम नहीं हैं। श्री पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ‘अमेरिका फर्स्ट’ नीति के तहत बढ़ाए गए आयात शुल्क और अन्य कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे प्रतिस्पर्धी देशों की अर्थव्यवस्थाओं की रफ्तार धीमी हुई है। उन्होंने कहा कि ये कदम एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) के उस उद्देश्य के विपरीत हैं, जिसके तहत अंततः प्रशांत क्षेत्र में मुक्त व्यापार क्षेत्र बनाने की परिकल्पना की गयी है। दो घंटे से अधिक समय तक चली इस बैठक में आर्थिक सहयोग मजबूत करने और रणनीतिक साझेदारी का विस्तार करने पर चर्चा हुई।

Also Read : पुतिन ने एपीईसी सम्मेलन को किया संबोधित

यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब भू-राजनीतिक तनाव बढ़ रहा है और पश्चिमी देशों के साथ चीन तथा रूस के संबंधों में खिंचाव बना हुआ है। दोनों नेता अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में बदलाव की वकालत करते रहे हैं और उनके अनुसार अमेरिका के नेतृत्व वाले राजनीतिक तथा आर्थिक वर्चस्व को चुनौती देने की जरूरत है।

एपीईसी शिखर सम्मेलन में बोलते हुए श्री पुतिन ने पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों, आयात शुल्क और निर्यात प्रतिबंधों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ऐसे उपाय अब प्रतिद्वंद्वी देशों की अर्थव्यवस्थाओं के विकास को रोकने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने पश्चिमी देशों को ”पूर्व के वर्चस्वशाली देश” बताते हुए कहा कि यूरोप अपमानजनक पतन के दौर से गुजर रहा है।

गौरतलब है कि फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के व्यापक सैन्य हमले के बाद से अमेरिका और यूरोपीय देशों ने रूस पर कई व्यापक आर्थिक प्रतिबंध लगाये हैं।

श्री जिनपिंग और पुतिन की यह बैठक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन पहुंचने से पहले हुई है। ऐसे समय में हुई इस मुलाकात में चीन और रूस के बीच नये सिरे से एकजुटता का प्रदर्शन दुनिया की प्रमुख शक्तियों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि चीन और रूस को बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था तथा अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लोकतंत्रीकरण को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा भविष्य में हमें निरंतरता बनाये रखनी चाहिए, दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए, अपने द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक संभावनाओं का लगातार उपयोग करना चाहिए और उनमें नये आयाम जोड़ने चाहिए।

चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि व्यावहारिक कार्यों पर ध्यान केंद्रित करना, कड़ी मेहनत के प्रति प्रतिबद्ध रहना, ठोस कदमों के जरिए विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करना, प्रमुख शक्तियों के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का दृढ़ता से निर्वहन करना तथा बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लोकतंत्रीकरण को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है।

दोनों नेताओं ने यह भी कहा कि आज की यह बैठक इस वर्ष उनकी आमने-सामने की तीसरी मुलाकात थी। यह दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय निरंतर संपर्क को दर्शाती है।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment