नई दिल्ली। वस्तु व सेवा कर यानी जीएसटी के संग्रह का नया रिकॉर्ड बना है। सरकार ने अप्रैल में जीएसटी से रिकॉर्ड 2.10 लाख करोड़ रुपए जुटाए हैं। ये अब तक का किसी भी महीने में जुटाया गया सबसे बड़ा जीएसटी संग्रह है। इससे पहले का सबसे ज्यादा 1.87 लाख करोड़ रुपए जुटाए गए थे। अप्रैल 2023 में 1.87 करोड़ रुपए के संग्रह का रिकॉर्ड बना था, जो ठीक एक साल बाद टूट गया। सालाना आधार पर कुल जीएसटी संग्रह में 12.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
इससे पिछले महीने, यानी मार्च 2024 में, जीएसटी कलेक्शन 1.78 लाख करोड़ रुपए रहा था। यानी, महीने दर महीने के आधार पर संग्रह में 18 फीसदी का इजाफा हुआ है। वहीं सरकार ने 18 हजार करोड़ के रिफंड जारी किए। रिफंड के बाद, अप्रैल 2024 के लिए कुल जीएसटी राजस्व 1.92 लाख करोड़ रुपए रहा। पिछले वर्ष की समान अवधि यानी अप्रैल 2023 की तुलना में ये 17.1 फीसदी ज्यादा है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


