राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

यह धमकी भी सुनिए!

समझा जाता है कि ट्रंप प्रशासन के दबाव में वॉनडाइक पर से यूएपीए हटाया गया, जिससे उसकी रिहाई का रास्ता खुला। लेकिन अब वही वॉनडाइक भारत सरकार के लिए ही असहज स्थिति खड़ी कर रहा है।

विडंबना देखिए! जिस व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ भारत आकर यहां के नियमों का बेखौफ उल्लंघन किया और जिस पर आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने का इल्जाम लगा, वह अब भारत सरकार को ही “इस कहानी” से घेरने की धमकी दे रहा है! मैथ्यू वॉनडाइक अपने यूक्रेनी साथियों के साथ बिना इजाजत के मणिपुर गया, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हुआ, उसके गुट पर म्यांमार के बागी गुटों को ड्रोन सप्लाई करने के ठोस लगे और इन कारणों से वे छह महीने भारतीय जेल में रहे। वॉनडाइक का पुराना रिकॉर्ड भी दागदार है। उस पर अनेक देशों में अमेरिका के कट्टरपंथी ईसाई गुटों और कथित तौर पर अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की तरफ से विध्वंसक गतिविधियां आयोजित करने के अभियोग लग चुके हैं।

भारत में उस पर आतंकवादी साजिश रचने और भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने जैसे गंभीर आरोप लगे। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अदालत में दायर दस्तावेजों में कहा था कि डाइक और उसके छह साथी उस बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा हैं, जो भारत और फिर यहां से म्यांमार में ड्रोन की तस्करी करता था। अब उसी वॉनडाइक ने सोशल मीडिया पर खुलेआम भारत सरकार का मज़ाक उड़ाया है और कहा है कि वह “अगले कुछ महीनों में सोशल मीडिया पोस्ट और मीडिया साक्षात्कारों के जरिए इस कहानी के बारे में चौंकाने वाले खुलासा करेगा।” उसने भारत में अपनी गिरफ्तारी को “यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध” का हिस्सा बताया- यानी कहा है कि भारतीय एजेंसियों ने रूस के इशारे पर काम किया!

इस तरह यह एक और प्रकरण है, जिसने भारत सरकार के अंतरराष्ट्रीय व्यवहार पर गहरा साया डाला है। वॉनडाइक की रिहाई के लिए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो कथित हस्तक्षेप बहुचर्चित रहा था। समझा जाता है कि ट्रंप प्रशासन के दबाव में वॉनडाइक और उसके साथियों पर से यूएपीए हटाया गया, जिससे उनकी रिहाई का रास्ता खुला। लेकिन अब वॉनडाइक भारत सरकार के लिए ही असहज स्थिति खड़ा कर रहा है। जबकि अमेरिका ने अपनी न्यायिक स्वतंत्रता के नाम पर एक आतंकवादी की अर्जी पर भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार को समन जारी होने दिया है!

By NI Editorial

The Nayaindia editorial desk offers a platform for thought-provoking opinions, featuring news and articles rooted in the unique perspectives of its authors.

Leave a comment