राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

उनका अपना पक्ष है

इस किताब के जरिए ऐसे व्यक्ति का पक्ष सामने आया है, जो ऐतिहासिक संयोग के कारण भारतीय राजनीति का एक केंद्र बन गईं। और जो उस परिवार से संबंधित रहीं, जिसकी दशकों तक अहम भूमिका रही है।

सोनिया गांधी की आत्मकथा व्यक्तिगत या पारिवारिक दायरे से आगे जाते हुए उन कई प्रकरणों को भी छूती है, जो पिछले लगभग छह दशक में विवादित एवं बहुचर्चित रहे हैं। ऐसे में इस किताब पर दूसरे हलकों से प्रतिक्रिया आना या वैकल्पिक कथा पेश किया जाना स्वाभाविक ही है। अतः कुछ मामलों को लेकर राजनीतिक पारा चढ़ा है, तो उसे आम राजनीतिक प्रक्रिया का हिस्सा मान कर नजरअंदाज कर दिया जाना चाहिए। इसलिए कि इस किताब का महत्त्व कहीं और है। इसके जरिए एक ऐसे व्यक्ति का पक्ष सामने आया है, जो ऐतिहासिक संयोग के कारण निजी दायरे से निकल कर भारतीय राजनीति का एक केंद्र बन गईं। उस व्यक्ति का, जो उस परिवार से संबंधित रहीं, जिसका दशकों तक इस देश का सियासी रूप ढालने में निर्णायक योगदान रहा है।

भारत में इस हैसियत में रहे व्यक्तियों के बारे में तो सैकड़ों किताबें लिखी गई हैं, लेकिन तत्कालीन घटनाओं पर अक्सर उनका अपना पक्ष सामने नहीं आया। जवाहरलाल नेहरू की आत्मकथा 1936 में प्रकाशित हुई, तब देश की बागडोर उनके हाथ में नहीं थी। नतीजतन, आजादी के बाद आरंभिक वर्षों में जो कुछ हुआ, उस पर लिखी गईं अनगिनत किताबों से जानकारियां तो खूब उपलब्ध हैं, लेकिन उन अहम घटनाओं के बारे में नेहरू का अपना पक्ष हमें मालूम नहीं है। यही बात महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अन्य प्रधानमंत्रियों पर भी लागू होती है।

इंदर कुमार गुजराल ने जरूर आत्मकथा लिखी, लेकिन उनका कार्यकाल इतिहास में महज एक क्षेपक की तरह दर्ज है। पी.वी. नरसिंह राव ने अपनी कहानी उपन्यास की शक्ल में लिखी, इसलिए यह तय करना कठिन बना रहा है कि उसमें कितना तथ्य और कितनी किस्सागोई है। इस पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए सोनिया गांधी का अपना, और प्रकारांतर में गांधी परिवार का पक्ष रखना महत्त्वपूर्ण दस्तावेज बन जाता है। इससे मालूम हुआ है कि गुजरे छह दशकों की घटनाओं को इस परिवार के अंदर कैसे देखा गया। बेशक, उसे देखने के बहुतेरे दूसरे स्रोत और नजरिए भी उपलब्ध हैं। मगर इतिहास सभी पक्षों के दृष्टिकोण को शामिल करते हुए ही वस्तुगत रूप ग्रहण करता है।

By NI Editorial

The Nayaindia editorial desk offers a platform for thought-provoking opinions, featuring news and articles rooted in the unique perspectives of its authors.

Leave a comment