नई दिल्ली। बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के खिलाफ वोटर अधिकार यात्रा के दौरान महागठबंधन के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली दिए जाने का विवाद अभी ठंड़ा नहीं पड़ा था कि उससे पहले कांग्रेस पार्टी एक नए विवाद में फंस गई हैं। कांग्रेस की केरल ईकाई ने यह विवाद खड़ा किया है। केरल कांग्रेस ने बिहार की तुलना बीड़ी से कर दी है, जिस पर विवाद शुरू हो गया है। भाजपा और जनता दल यू ने इसे बिहारियों का अपमान बताया है।
असल में केरल कांग्रेस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘बीड़ी और बिहार दोनों ‘बी’ से शुरू होते हैं। अब इन्हें पाप नहीं माना जा सकता’। पोस्ट के साथ एक चार्ट भी है, जिसमें दिखाया गया है कि सिगरेट, सिगार और तंबाकू पर जीएसटी 28 फीसदी से बढ़ा कर 40 फीसदी कर दिया गया है, जबकि बीड़ी पर जीएसटी 28 से घटाकर 18 फीसदी कर दी गई है। विवाद के बाद इस पोस्ट को डिलीट कर दिया गया। केरल कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि उसने सरकार के ऊपर तंज किया था लेकिन अगर इससे लोगों की भावनाएं आहत हुईं हैं तो उसे खेद है।
लेकिन पोस्ट डिलीट होने से पहले इसका विपक्षी पार्टियों ने इसका स्क्रीन शॉट सेव कर लिया था और उसे शेयर किया जा रहा है। गौरतलब है कि बिहार में विधानसभा का चुनाव है, जिसकी वजह से यह मुद्दा और बड़ा हो गया है। इससे कांग्रेस और राजद दोनों बैकफुट पर हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने इस पर खेद जताया तो तेजस्वी यादव ने एक कार्यक्रम में कहा कि कुछ आपत्तिजनक कहा गया है तो माफी मांगनी चाहिए।
बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पोस्ट को बिहार और बिहारियों का अपमान बताते हुए कहा कि बिहार के लोग इसे कभी माफ नहीं करेंगे। भाजपा के दूसरे नेताओं ने भी इसे बिहार का अपमान बताकर कांग्रेस और राजद पर हमला किया है। जनता दल यू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने इसे कांग्रेस की शर्मनाक और नीच हरकत करार दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया में एक पोस्ट में कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, ‘बी से सिर्फ बीड़ी नहीं, बुद्धि भी होती है जो आपके पास नहीं है’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




