पटना। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ क्या सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए बना था और चुनाव के बाद इसका अस्तित्व नहीं बचा है? यह बड़ा सवाल है क्योंकि विपक्षी गठबंधन के एक महत्वपूर्ण घटक दल राजद के नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा है कि ‘इंडिया’ का गठन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए हुआ था। हालांकि बिहार के बारे में उन्होंने कहा कि बिहार में पहले से ही राजद, कांग्रेस का गठबंधन बना हुआ है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने बक्सर में कहा, ‘यह पहले से तय था कि ‘इंडिया’ गठबंधन केवल लोकसभा चुनाव के लिए है…आगे देखा जाएगा कि चुनाव प्रचार में जाएंगे या नहीं’। बिहार की यात्रा पर निकले तेजस्वी यादव ने बुधवार को बक्सर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, ‘विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ बनने के दौरान यह तय हो गया था कि यह गठबंधन केवल लोकसभा चुनाव के लिए है, विधानसभा चुनाव के लिए यह गठबंधन नहीं है। दिल्ली में चुनाव प्रचार के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘यह तय नहीं है, आगे देखा जाएगा’।
हालांकि तेजस्वी ने यह भी कहा कि बिहार में गठबंधन है। गौरतलब है कि दिल्ली में विधानसभा का चुनाव की घोषणा हो चुकी है। दिल्ली में विपक्षी गठबंधन की दो पार्टियां, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी अलग अलग चुनाव लड़ रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने इसमें आम आदमी पार्टी का समर्थन करने की घोषणा की है। तभी तेजस्वी यादव के सामने दुविधा है कि वे दिल्ली में कांग्रेस के प्रचार में जाएं या नहीं। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और सपा ने साथ मिल कर उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ा था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


