पटना/गोपालगंज। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजा दिया है। उन्होंने गोपालगंज की एक जनसभा में बिहार के लोगों से कहा कि उनको तय करना है कि अगले चुनाव के बाद उनको लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के जंगलराज की ओर जाना है या मोदी और नीतीश कुमार के विकास के रास्ते पर जाना है। उनके इस हमले के बाद राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू प्रसाद और राबड़ी देवी को कोसना भाजपा और जदयू नेताओं का फैशन बन गया है।
गोपालगंज से लौटने के बाद अमित शाह ने पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के दूसरे सहयोगी दलों के नेताओं के साथ बैठक की। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद के दावेदार होंगे या नहीं।
इससे पहले गोपालगंज में अमित शाह लालू यादव के साथ साथ कांग्रेस पर भी हमला किया। उन्होंने कहा, ‘जो काम कांग्रेस पार्टी 65 साल में नहीं कर पाई, वो मोदी सरकार ने 10 साल में किया है’। उन्होंने पांच साल और एनडीए की सरकार बनावाने की अपील की। अमित शाह ने दावा किया, ‘अगर हमारी फिर से सरकार बनती है तो हम बिहार को बाढ़ से मुक्त करा देंगे। बंद चीनी मिलों को फिर से शुरू करेंगे’।उन्होंने कहा कि लालू एंड कंपनी ने बहुत अड़ंगे लगाए, लेकिन मोदी ने पांच सौ साल बाद राम मंदिर बनवाया। अब बिहार में माता सीता का भव्य मंदिर बनेगा।
अमित शाह का लालू-नीतीश पर हमला, बिहार चुनाव की तैयारी तेज
अमित शाह ने छठ पूजा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस राज्य में भाजपा की सरकार है। वहां छठ पूजा धूमधाम से मनाई गई। उन्होंने कहा, ‘मोदी सरकार ने शारदा सिन्हा को पद्म विभूषण से नवाजा। वैशाली महोत्सव की शुरुआत हमने की।
मोदी जी ने मधुबनी पेंटिंग को जीआई टैग दिलवाया। हमने मखाना बोर्ड बनाकर किसानों की मदद की’। इसके बाद सवालिया लहजे में कहा, ‘लालू राज ने क्या दिया? अपहरण, फिरौती, हत्या। इतने घोटाले किए, इन्हें शर्म नहीं आती। अलकतरा घोटाला, मिट्टी घोटाला। गौ माता का चारा भी लालू जी ने खाया।
‘लालू जी ने बस एक ही काम किया, अपने परिवार को सेट करने का। उनके दोनों बेटे सीएम बनना चाहते हैं। बेटी को सांसद बनाया। पत्नी पूर्व सीएम हैं। दोनों साले भी मंत्री रहे, लेकिन उन्होंने युवाओं को सेट करने का काम नहीं किया’।
इससे पहले पटना में एक कार्यक्रम में नीतीश कुमार भी उनके साथ शामिल हुए। वहां अमित शाह के सामने नीतीश कुमार ने कहा, ‘दो बार मुझसे गलती हो गई थी। अब ये कभी नहीं होगा। अटल जी ने मुझे मुख्यमंत्री बनाया था, ये मैं कैसे भूल सकता हूं’।
इसके बाद उन्होंने लालू यादव पर हमला करते हुए कहा, ‘पहले क्या स्थिति थी आप जानते ही हैं। शाम में कोई घर से बाहर नहीं निकलता था। हिंदू मुस्लिम के बीच झगड़े होते थे। उन लोगों की ओर से कोई काम नहीं होता था। पढ़ाई का हाल भी बेकार था। बच्चे स्कूल नहीं जाते थे। इलाज का इंतजाम भी नहीं था। उन लोगों ने कोई व्यवस्था नहीं की थी’। उन्होंने कहा कि बिहार में सब काम उनकी सरकार ने किया है।
Also Read: बिहार: गांधी मैदान में ईद के जश्न में सीएम नीतीश कुमार हुए शामिल
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


