पटना। बिहार सरकार के खिलाफ पटना में प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं पर पुलिस ने जम कर लाठियां चलाईं। पुलिस की इस कार्रवाई में कई नेता और कार्यकर्ता घायल हुए। बाद में एक घायल कार्यकर्ता की मौत हो गई। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा सहित भाजपा के अनेक नेताओं ने पार्टी कार्यालय मृतक भाजपा कार्यकर्ता को श्रद्धांजलि दी। पुलिस ने महाराजगंज के सांसद जनार्दन संह सिगरीवाल को भी लाठी से पीटा और धक्का दिया, जिसमें वे घायल हो गए।
उनके साथ पुलिस की मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे पुलिस से कह रहे हैं कि वे सांसद हैं। पुलिस की पिटाई से उनके सिर और चेहरे पर चोट आई है। उनको आईजाआईएमएस के प्राइवेट वार्ड में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि सांसद सिगरीवाल को वाई प्लस सुरक्षा मिली हुई है। पुलिस की पिटाई के समय उनके सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। घटना के बाद भाजपा ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए शुक्रवार को भी प्रदर्शन का ऐलान किया है और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने भाजपा कार्यकर्ता की मौत की मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
इससे पहले गुरुवार को पुलिस ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को डाकबंगला चौराहे पर रोकने की कोशिश की थी। जब वे नहीं माने तो पहले वाटर कैनन से पानी की बौछार की। आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद पुलिस ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज किया। यह भी कहा जा रहा है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पत्थरबाजी की। बहरहाल, घटना के बाद विधानसभा परिसर में कई पार्टी विधायक अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। भाजपा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का इस्तीफा मांगा है और ऐलान किया है कि शुक्रवार को पार्टी राजभवन मार्च करेगी। प्रदर्शन में शामिल भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और पुलिस के बीच धक्कामुक्की होने की भी खबर है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



