दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में मंगलवार को सुरक्षा बलों (Security Forces) ने नक्सलवाद के खिलाफ अपने अभियान में मंगलवार को दो उपलब्धियां हासिल की। एक ओर दंतेवाड़ा-बीजापुर जिले के सीमावर्ता क्षेत्र में मंगलवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में नौ नक्सली मारे गये जबकि बीजापुर में 13 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दोनों घटनाओं के लिए सुरक्षा बलों को बधाई देते हुए कहा कि नक्सलवाद के खात्मे तक हमारी यह लड़ाई जारी रहेगी। वहीं सुरक्षा बलों ने मारे गये नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में हथियार व गोला-बारुद भी बरामद किया है। मारे गये नक्सलियों की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। दक्षिण बस्तर क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक कमलोचन यादव (Kamalochan Yadav) ने बताया कि नक्सलियों की सूचना मिलने पर बीजापुर दंतेवाड़ा सीमा क्षेत्र में केन्द्रीय सुरक्षा बल, स्पेशल टास्क फोर्स (Special Task Force), जिला रिजर्व पुलिस बल तथा कोबरा बटालियन के जवान बैलाडिला के पहाडिय़ों से लगे गांव लोहागांव पीडिय़ा के जंगलों में सर्चिंग करने पहुंचे।
Also Read : सशस्त्र बल राष्ट्र की सुरक्षा की मजबूत नींव: सीएम योगी
इसबीच आज सुबह से ही सुरक्षा बलों (Security Forces) और नक्सलियों के बीच रूक-रूक कर गोलीबारी होती रही। कोई तीन घंटे के गोलीबार के बाद घटना स्थल का सर्चिक करने पर नौ नक्सलियों का शव बरामद किया गया, जिनकी शिनाख्त अभी नहीं की गई है। श्री कमलोचन कश्यप (Kamalochan Kashyap) ने बताया कि घटना स्थल से एसएलआर, तीन सौ तीन तथा पन्द्रह बोर रायफल सहित विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। जवान अभी भी इन इलाकों में लगातार गश्त कर रहे हैं। इधर बीजापुर जिले के तर्रेम थाने के अंर्तगत मंडीमर्का जंगल से 13 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके पास से बारूदी सुरंग बरामद की गई। (वार्ता)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


