COVID-19 in India: भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 288 नए मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,49,90,876 करोड़ हो गई है। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या 4,222 से घटकर 3,925 रह गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, कोविड-19 (covid-19) से दो और मरीजों की मौत के बाद देश में कोरोना वायरस संक्रमण (corona virus infection) से जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 5,31,872 हो गई है। मृतकों में वह एक व्यक्ति भी शामिल है, जिसका नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से दम तोड़ने वाले मरीजों की सूची में जोड़ा है।
अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी 3,925 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है। उपचाराधीन मरीजों की यह संख्या कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है। वहीं, भारत में मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.81 फीसदी है। आंकड़ों के मुताबिक, देश में अभी तक कुल 4,44,55,079 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर (death rate) 1.18 प्रतिशत है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220,67,11,869 खुराक लगाई जा चुकी हैं। (भाषा)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


