नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले हफ्ते नई सरकार बनेगी। बताया जा रहा है कि 18 फरवरी को भाजपा विधायक दल की बैठक होगी और नई सरकार 19 या 20 फरवरी को शपथ ले सकती है। भाजपा के जानकार सूत्रों के मुताबित शपथ का कार्यक्रम बहुत भव्य होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रिमंडल के तमाम सहयोगियों सहित भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह जवाहर लाल नेहरू स्टेडिम में हो सकता है। इसकी तैयारियां तेज हो गई हैं।
सरकार गठन को लेकर शुक्रवार को दिल्ली में भाजपा नेताओं की बैठक भी हुई। इससे पहले नतीजों के अगले दिन यानी नौ फरवरी को भाजपा विधायकों की बैठक हुई थी। गौरतलब है कि आठ फरवरी को आए नतीजों में भाजपा ने 70 सीटों की विधानसभा में 48 सीटें जीत कर दो तिहाई बहुमत हासिल किया। आम आदमी पार्टी को 22 सीटें मिलीं। कांग्रेस का लगातार तीसरी बार खाता नहीं खुला।
इस बीच भाजपा विधायक और राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि विधायक दल की बैठक से पहले पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। 18 या 19 फरवरी को विधायक दल की बैठक होगी। लक्ष्मी नगर सीट से दूसरी बार विधायक बने अभय वर्मा ने कहा, ‘दिल्ली के सीएम पद के लिए कोई होड़ नहीं है। हमारी पार्टी में विधायकों की बैठक में मुख्यमंत्री या विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाता है’। हालांकि आधा दर्जन से ज्यादा नेता सीएम पद की दौड़ में बताए जा रहे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

