नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने संकल्प पत्र का दूसरा हिस्सा जारी कर दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को इसे जारी किया। इसमें भाजपा ने दिल्ली में जरूरतमंदों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा देने का वादा किया है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने पार्टी के संकल्प पत्र का दूसरा हिस्सा पेश करते हुए कहा कि सत्ता में आने पर यूपीएससी और राज्य सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को 15 हजार रुपए की सहायता दी जाएगी।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा की सरकार बनी तो ऑटो, टैक्सी चालक कल्याण बोर्ड बनाया जाएगा और चालकों को 10 लाख रुपए का जीवन बीमा और पांच लाख रुपए का दुर्घटना बीमा दिया जाएगा। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संकल्प पत्र का पहल हिस्सा जारी किया था। दूसरी ओर भाजपा के संकल्प पत्र को लेकर आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘भाजपा के दोनों संकल्प पत्र सिर्फ दिल्ली के लिए ही नहीं बल्कि देश के लिए भी खतरनाक हैं। भाजपा दिल्ली की सत्ता में आई तो मोहल्ला क्लीनिक बंद कर देगी। फ्री शिक्षा, फ्री बिजली-पानी और महिलाओं की फ्री बस यात्रा भी बंद कर देगी’।
आरोप प्रत्यारोप के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को दिल्ल में कहा, ‘केजरीवाल कहते हैं कि भाजपा ने आप के संकल्प पत्र की नकल की। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि हम अरविंद केजरीवाल के संकल्प पत्र की नकल करके तिहाड़ जेल नहीं जाना चाहते’। सैनी ने कहा, ‘पिछले 10 सालों में केजरीवाल ने गरीब लोगों की भावनाओं के साथ खेला है। उनका शोषण किया है। दिल्ली की जनता पांच फरवरी का इंतजार कर रही है। आठ फरवरी को दिल्ली में कमल के फूल की सरकार बनेगी’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


