राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज भी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान जताया गया है।
बीते 24 घंटों में हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 5 मई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इस दिन “थंडरस्टॉर्म विथ रेन” यानी गरज के साथ बारिश की स्थिति बनी रही।
वहीं 6 मई को तापमान बढ़कर 36/21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है और आंशिक बादल छाए रहने के साथ बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है। आने वाले दिनों की बात करें तो 7 मई को तापमान 37/24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि 8 मई को यह 38/23 डिग्री तक पहुंच सकता है। 9 और 10 मई को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, हालांकि आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है।
Also Read : उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बिजली गिरने से 18 लोगों की मौत
इन सभी दिनों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, बारिश के चलते एनसीआर की हवा में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) ग्रीन और संतोषजनक श्रेणी में पहुंच गया है। अलीपुर में एक्यूआई 51, अशोक विहार में 60, आया नगर में 63 और बवाना में 68 दर्ज किया गया। हालांकि आनंद विहार (111) और चांदनी चौक (106) में एक्यूआई मध्यम श्रेणी में रहा।
नोएडा की बात करें तो सेक्टर-125 में एक्यूआई 100, जबकि सेक्टर-62 और सेक्टर-1 में 64 तथा सेक्टर-116 में 65 दर्ज किया गया। गाजियाबाद में गोविंदपुरम (96), इंदिरापुरम (66), संजय नगर (46) और वसुंधरा (60) में वायु गुणवत्ता बेहतर स्थिति में रही। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण एनसीआर के लोगों को पहाड़ी इलाकों जैसी स्वच्छ हवा का अनुभव हो रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार यदि यही स्थिति बनी रहती है तो आने वाले दिनों में भी प्रदूषण स्तर नियंत्रण में रह सकता है।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



