श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के कठुआ में तीन लापता लोगों के शव आतंकवाद से प्रभावित बिलिवार की ऊपरी पहाड़ियों पर मिले। इनमें एक बच्चा भी शामिल है। सभी लोग तीन दिन पहले आतंकवाद प्रभावित इलाके से लापता हुए थे। इनकी पहचान जोगेश सिंह, दर्शन सिंह और वरुण सिंह के रूप में हुई है। वरुण सिंह की उम्र 14 साल थी। रिपोर्ट के मुताबिक तीनों छह मार्च की रात को एक शादी में शामिल होने के लिए निकले थे। इसके बाद से ही गायब थे।
लापता लोगों में से एक ने दो दिन पहले अपने परिवार से संपर्क किया था। उसने बताया था कि वे शादी से वापस आते समय जंगल में रास्ता भटक गए हैं। लापता लोगों का पता लगाने के लिए सेना और पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया। ऊपरी इलाकों में तलाश के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। करीब 60 घंटे की मशक्कत के बाद लोहाई मल्हार इलाके में पहाड़ी नाले के पास तीनों के शव बरामद हुए। इस इलाके में आतंकवादी की मौजूदगी रहती है। पिछले दो सालों में यहां कई आतंकी हमले हुए हैं। पिछले महीने भी इस इलाके में दो लोगों के शव पाए गए थे। भाजपा विधायक सतीश शर्मा ने शुक्रवार को विधानसभा में यह मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


