राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

3,044 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

प्रेझा फाउंडेशन ने आईआईटी मद्रास व टीवीएस फाउंडेशन से किए एमओयू हस्ताक्षर।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित ‘मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह तथा नियुक्ति पत्र वितरण समारोह’ के दौरान विभिन्न नियोक्ता एवं उद्योग संस्थानों द्वारा चयनित 3,044 युवाओं के बीच नियुक्ति पत्र वितरित किए।

अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में विभाग की विशेष प्रयोजन वाहिनी प्रेझा फाउंडेशन के माध्यम से राज्यभर के गुरुकुल, आईटीआई और नर्सिंग कॉलेजों के जरिए अप्रैल 2026 से अक्टूबर 2026 के बीच इन युवाओं को प्रशिक्षित कर प्लेसमेंट दिलाया गया है।

समारोह में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए प्रेझा फाउंडेशन और आईआईटी मद्रास की पहल ‘प्रवर्तक एआई फॉर ऑल’ तथा टीवीएस फाउंडेशन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिक-से- अधिक युवाओं के हुनर को निखारकर उन्हें रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पहले साधारण इंजीनियरिंग की चार साल की पढ़ाई पूरी होने पर कैंपस सिलेक्शन से नौकरी मिल जाती थी, लेकिन अब दौर बदल गया है। वैश्विक स्तर पर एआई का समय है, ऐसे में पढ़ाई के साथ-साथ हुनर बेहद आवश्यक है। 

Also Read : आईआईटीएफ में छाया झारखंड का मोती पालन और वन संपदा

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड स्थित एचईसी (मदर फैक्ट्री) ने देश के लगभग सभी उद्योगों को खड़ा करने में भूमिका निभाई, लेकिन समय के अनुसार स्वयं को न बदल पाने के कारण आज स्थिति बदल गई है। सफल होने के लिए समय के साथ चलना जरूरी है।

उन्होंने प्रेझा फाउंडेशन और अन्य शिक्षण-प्रशिक्षण केंद्रों को ऐसा मॉडल तैयार करने का निर्देश दिया जिससे राज्य में चल रहे खनन, पावर जेनरेशन, स्टील इंडस्ट्री, गोल्ड व यूरेनियम माइनिंग जैसी गतिविधियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई नीतिगत निर्णयों और योजनाओं की भी जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल महिलाओं व लड़कियों का क्षेत्र होने की धारणा को समाप्त करते हुए राज्य सरकार ने पुरुषों को भी पुरुष स्टाफ नर्स के रूप में प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है। टेक्सटाइल इंडस्ट्री अब पुरुषों के लिए भी बड़ा अवसर है। महिला-पुरुष के काम में कोई भेदभाव नहीं रहा और समय की बाध्यता भी समाप्त हुई है; महिलाएं भी पुरुषों की तरह नाइट शिफ्ट और ओवरटाइम में काम कर रही हैं।

इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री चमरा लिंडा, जल संसाधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री हफीजुल हसन, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, विभागीय सचिव कृपानंद झा, आदिवासी कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, निदेशक प्रेझा फाउंडेशन कल्याण चक्रवर्ती सहित अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment

और पढ़ें