झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में शुक्रवार से ही बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। वहीं, शनिवार सुबह भी रांची समेत कई जिलों में घने बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। बारिश के साथ चल रही ठंडी हवाओं के कारण लोगों को कनकनी का एहसास होने लगा है।
मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, अगले दो दिनों तक राज्य के कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने का अनुमान है।
लगातार बारिश और बादलों के कारण राजधानी रांची के अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है।
Also Read : GeM का ट्राइबल चैम्बर से करार: आदिवासी उद्यमियों के लिए बढ़ेंगे अवसर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
चक्रवाती तूफान के असर से हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। सबसे अधिक नुकसान तैयार धान की फसल को होने की आशंका है। जिन किसानों ने धान काटकर खेतों में छोड़ दिया है, उनकी फसल बारिश में भीग रही है। वहीं, खेतों में खड़ी तैयार धान की फसल तेज हवा और बारिश के कारण गिरने (लॉजिंग) का खतरा बढ़ गया है। इससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकते हैं। मड़ुआ की खेती पर भी बारिश का असर पड़ने की आशंका है।
खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ने लगा है। शनिवार सुबह दिल्ली से रांची आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को खराब मौसम के कारण कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया। रांची एयरपोर्ट पर मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण विमान की लैंडिंग नहीं हो सकी। इसके बाद विमान को कोलकाता भेज दिया गया।
ज्ञातव्य है कि चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से शुक्रवार से ही झारखंड के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो रही है। मौसम में आए इस बदलाव से जहां ठंड का एहसास बढ़ गया है, वहीं किसानों की तैयार फसल पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



