राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस मना, उत्कृष्ट विधायक व खिलाड़ी सम्मानित

‘विजन 2050’ के साथ अग्रणी बनने का संकल्प

झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस समारोह रविवार को सादगीपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर वर्ष 2050 तक झारखंड को देश का अग्रणी और नंबर वन राज्य बनाने के ‘विजन 2050’ को साकार करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। समारोह में राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष समेत अन्य गणमान्य अतिथियों ने हिस्सा लिया।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने पक्ष और विपक्ष दोनों से अपील करते हुए कहा कि झारखंड में प्राकृतिक संसाधनों और खनिज संपदा की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है, उसी अनुरूप झारखंड को भी वर्ष 2050 तक देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए अभी से स्पष्ट लक्ष्य तय कर आगे बढ़ना होगा।

विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने सदन की गरिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का पावन मंदिर है। यहां होने वाली बहस, चर्चा और प्रश्नों का सीधा असर राज्य के लाखों लोगों के जीवन पर पड़ता है, इसलिए सदन की कार्यवाही में जनहित के मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। 

Also Read : राष्ट्रपति भवन में नेपाल के पीएम बालेन शाह का भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य सरकार के बीते पांच-छह वर्षों के कार्यों और उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने कई ऐसी पहल की है जिन्हें देश में उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2050 के झारखंड का स्वरूप कैसा हो, इस दिशा में लंबी कार्ययोजना के साथ नीति-निर्धारण किया जा रहा है।

पुस्तकों का विमोचन और सम्मान समारोहः स्थापना दिवस समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा पत्रिका ‘उड़ान’ के 104 वें संस्करण तथा विधानसभा अध्यक्ष द्वारा लिखित पुस्तक का विमोचन किया गया। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।

उत्कृष्ट विधायकः मझगांव से झामुमो विधायक निरल पूर्ति को ‘बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान’ प्रदान किया गया।

उत्कृष्ट कर्मीः बेहतर कार्य निष्पादन के लिए चयनित विधानसभा कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।

खिलाड़ी सम्मानः राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले कुल 17 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इनमें ओलंपियन तीरंदाज अंकिता भगत, हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान प्रमुख हैं। व्यस्तता और खेल प्रतिबद्धताओं के चलते इन खिलाड़ियों के परिजनों ने सम्मान ग्रहण किया गया।

Pic Credit : ANI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment

और पढ़ें