रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन ने दो दिन तक दिल्ली में डेरा डाले रहने के बाद रांची लौट कर कहा है कि वे नई पार्टी बनाएंगे। दिल्ली से कोलकाता होकर सरायकेला लौटने के 12 घंटे के बाद बुधवार, 21 अगस्त को अपने आवास पर चम्पई सोरेन ने अलग संगठन बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा- हम राजनीति से संन्यास नहीं लेने जा रहे हैं। हमने जो अध्याय शुरू किया है, उसका चैप्टर बदलता रहेगा। नए संगठन को मजबूत करेंगे। रास्ते में कोई दोस्त मिला तो दोस्ती करेंगे।
विधानसभा चुनाव को देखते हुए नई पार्टी बनाने के लिए कम समय होने के सवाल पर चम्पई सोरेन ने कहा- इससे आपको क्या परेशानी है। जब तीन से चार दिन में 30 से 40 हजार कार्यकर्ता आ गए तो नई पार्टी बनाने में हमको क्या परेशानी है। उन्होंने आगे कहा कि सात दिन में सब साफ हो जाएगा। गौरतलब है कि पहले उनके भाजपा में जाने की चर्चा थी। लेकिन उन्होंने खुद ही पिछले दिनों सोशल मीडिया में लिखा था कि उनके पास तीन विकल्प हैं। उसी में उन्होंने नया संगठन बनाने का विकल्प रखा था।
बहरहाल, झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री बने रहने के सवाल पर चम्पई ने कहा- हमने बोल दिया ना कि नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। नया अध्याय शुरू करेंगे तो एक जगह रहेंगे कि दो जगह रहेंगे? जन समर्थन ने ही हमारा हौसला बुलंद किया है। इसी से लगा कि अब आगे बढ़ो। मंत्री पद से इस्तीफा कब देंगे, इस पर उन्होंने कहा कि उसका समय बताएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट भी किया, जिसमें लिखा- धन्यवाद झारखंड! इस प्यार, सहयोग एवं समर्थन के लिए। पिछले साढ़े चार दशकों से आम जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करता रहा हूं, और आपका आशीर्वाद, जीवन के इस नए अध्याय में मुझे सही फैसला लेने का हौसला दे रहा है। फिलहाल जनता से मिल रहा हूं। संन्यास लेना अब विकल्प नहीं है। सभी लोगों की राय के आधार पर शीघ्र ही उचित फैसला लिया जाएगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


