राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

झारखंड: घाटशिला उपचुनाव को लेकर एनडीए दल एकजुट

झारखंड की घाटशिला विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को होने वाले उपचुनाव को लेकर एनडीए के घटक दलों ने एकजुटता दिखाई है।

मंगलवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में गठबंधन की बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी उपचुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने की। बैठक में भाजपा, आजसू, जदयू और लोजपा सहित एनडीए के प्रमुख दलों के नेताओं ने भाग लिया।

इसमें राज्यसभा सांसद और भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, आजसू प्रमुख सुदेश महतो, जदयू प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो, लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान और विधायक जनार्दन पासवान उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने यह संकल्प लिया कि घाटशिला उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए साझा अभियान चलाया जाएगा।

Also Read : महिला विश्व कप: बांग्लादेश ने इंग्लैंड को दिया 179 रन का लक्ष्य

मरांडी ने कहा कि यह उपचुनाव भले एक सीट का हो, लेकिन इसका संदेश पूरे झारखंड में जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर मजबूती से काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ जनता में गहरा असंतोष है। छह वर्षों से राज्य में लूट, भ्रष्टाचार और कुशासन का माहौल है। जनता अब बदलाव चाहती है और एनडीए को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए।

आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि घाटशिला क्षेत्र में कुड़मी और आदिवासी समुदाय के बीच जो मतभेद की स्थिति बन रही है, वह चुनावी समीकरणों को प्रभावित नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि सभी समुदाय इस बार विकास और सुशासन के पक्ष में एनडीए को समर्थन देंगे।

जदयू अध्यक्ष खीरू महतो और लोजपा नेता वीरेंद्र प्रधान ने भी कहा कि गठबंधन दल एक मंच से जनता के बीच जाकर राज्य सरकार की नाकामियों को उजागर करेंगे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान चलाने और प्रचार रणनीति तय करने पर सहमति बनी। बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि एनडीए की साझा रैलियां आयोजित की जाएंगी, जिसमें केंद्रीय नेताओं की भी भागीदारी होगी, ताकि गठबंधन का संदेश हर मतदाता तक पहुंचे।

Pic Credit : X

Tags :

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें