जमशेदपुर। लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण के मतदान से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल झारखंड पहुंचे। उन्होंने जमशेदपुर के गोपाल मैदान में विपक्षी गठबंधन की जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद पार्टी और प्रचार संभालने के लिए उनकी पत्नी कल्पना सोरेन की जम कर तारीफ की। मंगलवार को विपक्षी गठबंधन की सभा में केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला और कहा कि मोदी सरकार आरक्षण समाप्त कर देना चाहती है।
केजरीवाल ने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को राजनीतिक साजिश के तहत फंसाकर जेल में डाल दिया गया। रैली में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन और झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन समेत कई नेता मौजूद थे। इस मौके पर केजरीवाल ने कहा कि तानाशाहों के कारण आज हेमंत सोरेन जेल में हैं। उन्हें झारखंड का बच्चा बच्चा प्यार करता है।
हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को झारखंड की झांसी की रानी बताते हुए कहा कि वे आज मोदी को चुनौती दे रही हैं। उन्होंने कहा- मोदी सरकार ने जिस मंशा से हम दोनों को जेल में डाला था वो सफल नहीं हुई। ठीक उसका उल्टा हो गया। पार्टी बिखरने के बजाय एकजुट हो गई। झामुमो के साथ भी ऐसा ही हुआ। उन्होंने दावा किया कि इस बार झारखंड में विपक्षी गठबंधन को 14 सीटें मिलेंगी। केजरीवाल ने आदिवासी समाज को लेकर मोदी पर तीखा हमला किया और कहा कि मोदी सरकार अनुसूचित जाति, जनजाति व ओबीसी का आरक्षण खत्म करना चाहती है। इसलिए चार सौ पार का नारा दिया है। ताकि संविधान में परिवर्तन किया जा सके।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


