केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रायसेन में आयोजित होने वाला उन्नत कृषि महोत्सव 2026- प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण वास्तव में खेती का गेम‑चेंजर राष्ट्रीय कृषि मेला होगा, जो तीन दिनों में किसानों के जीवन में नई उम्मीद, नई तकनीक और नए बाजार अवसर लेकर आएगा।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रायसेन में मेला स्थल दशहरा मैदान का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और महोत्सव के प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, साथ ही प्रबुद्धजनों से संवाद भी किया। भारत सरकार का कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के दशहरा मैदान में 11, 12 और 13 अप्रैल को राष्ट्रीय स्तर का “उन्नत कृषि महोत्सव 2026 – प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण” आयोजित कर रहा है।
इस आयोजन को लेकर शिवराज सिंह का कहना है कि ये सिर्फ मेला नहीं, किसानों की तकदीर बदलने का सबसे बड़ा मौका है और ये तीन दिन किसानों के जीवन में निश्चित रूप से नई उम्मीद लेकर आएंगे। आयोजन स्थल दशहरा मैदान को तीन बड़े हैंगर और तीन सेमिनार हॉल के रूप में विकसित किया गया है। यह राष्ट्रीय कृषि मेला ‘सरकारी योजनाओं का साथ, बिचौलियों से मुक्त बाजार’ और ‘सुरक्षित उपज, समृद्ध किसान’ की थीम पर केंद्रित है।
Also Read : तेजस्वी यादव का एनडीए सरकार पर निशाना
कृषि अवसंरचना कोष के अंतर्गत वेयरहाउस और कोल्ड‑स्टोरेज पर सरकार की ओर से दी जा रही छूट और ब्याज‑सबवेंशन की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि किसान फसल कटाई के बाद वैज्ञानिक भंडारण कर सही समय पर बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकें। रायसेन के इस वृहद मेले में आधुनिक ट्रैक्टर एवं उपकरणों की प्रदर्शनी, उन्नत बीज‑खाद प्रदर्शनी, ऑर्गेनिक फार्मिंग (जैविक खेती) स्टॉल, डेयरी‑पोल्ट्री‑मत्स्य पालन जानकारी, किसानों के लिए मुफ्त प्रशिक्षण, सरकारी योजनाओं की लाइव जानकारी, कृषि स्टार्ट‑अप (नव प्रवर्तक उद्यम) प्रेज़ेंटेशन और वैज्ञानिकों व अधिकारियों से सीधा संवाद की व्यापक व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम के अनुसार, 10 अप्रैल की शाम प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन होगा, जबकि 11 अप्रैल की सुबह मुख्य उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में किसानों को संबोधित करेंगे। 13 अप्रैल की शाम समापन समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे, जहां रायसेन, विदिशा, सीहोर और आसपास के क्षेत्रों के लिए ‘कृषि रोडमैप’ प्रस्तुत किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय कृषि मेला किसानों के जीवन में नई ऊर्जा और नई दिशा लेकर आएगा और किसानों की तकदीर बदलने का सबसे बड़ा मौका साबित होगा।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



