राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

अशोक चव्हाण ने कांग्रेस छोड़ी

मुंबई। पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा और महाराष्ट्र के पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी के बाद अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे अशोक चव्हाण ने कांग्रेस छोड़ दी है। उन्होंने सोमवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही उन्होंने विधायक पद भी छोड़ दिया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले को अपना इस्तीफा भेजने के बाद अशोक चव्हाण ने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को विधानसभा से इस्तीफा सौंपा। इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले यह कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है। कहा जा रहा है कि वे भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले मिलिंद देवड़ा ने 14 जनवरी और बाबा सिद्दीकी ने आठ फरवरी को कांग्रेस छोड़ दी थी। देवड़ा शिवसेना में शामिल हुए तो सिद्दीकी एनसीपी में चले गए। बहरहाल, अशोक चव्हाण के इस्तीफे के बाद महाराष्ट्र के एक अन्य कांग्रेस नेता अमरनाथ राजुकर ने भी इस्तीफा दे दिया। जानकार सूत्रों के मुताबिक अशोक चव्हाण 13 बड़े नेताओं के साथ भाजपा में शामिल हो सकते हैं। चव्हाण के इस्तीफे के बाद महाराष्ट्र में सियासी हलचल तेज हो गई। अगर उनके साथ कांग्रेस के कुछ विधायक पार्टी छोड़ते हैं तो राज्यसभा की सीट जीतने की कांग्रेस की संभावना कमजोर होगी।

इस बीच अशोक चव्हाण ने सोमवार को कहा- मैंने अभी कोई पार्टी ज्वाइन नहीं की है। कल शाम से मैंने खुद को पार्टी से अलग कर लिया था। मेरी कांग्रेस के किसी विधायक से बात नहीं हुई है। किसी भी पार्टी से मैंने कोई भी डिस्कशन नहीं किया है। पार्टी छोड़ने का मेरा खुद का फैसला है। मेरी किसी से कोई शिकायत नहीं है। हालांकि माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले के कामकाज के तरीके से वे नाखुश थे और उन्होंने कई बार इसकी शिकायत पार्टी के आला नेताओं से की थी। लेकिन उनकी शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।

बहरहाल, अशोक चव्हाण के कांग्रेस छोड़ने पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा- यह एक विशेष वॉशिंग मशीन का असर है। कुछ लोगों को इस भ्रम में नहीं रहना चाहिए कि उनके जाने से कांग्रेस टूट जाएगी। जो जाते हैं, उनको कांग्रेस ने बहुत कुछ दिया है, उनकी योग्यता से ऊपर दिया है। उन्होंने कहा- हजारों युवा दरवाजे पर खटखटा रहे हैं और इन नेताओं के कारण उन्हें मौका नहीं मिल पाया। इस बीच भाजपा नेता और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा- आगे आगे देखो होता है क्या। एमवीए के कई नेता हमारे संपर्क में हैं। मुझे विश्वास है कि वो भी बीजेपी ज्वाइन करेंगे।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *