राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

राम मंदिर चंदा विवाद : उद्धव ने पांच जुलाई से महाराष्ट्र में ‘राम रक्षा’ आंदोलन की घोषणा की

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र में पांच जुलाई से ‘राम रक्षा’ आंदोलन शुरू करने की शुक्रवार को घोषणा की और लोगों से अयोध्या के प्रतिष्ठित राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन के मामले में भाजपा को जवाबदेह ठहराने के लिए इस आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।

ठाकरे ने कहा कि रविवार (पांच जुलाई) को लोग मध्य मुंबई के दादर स्थित हनुमान मंदिर में एकत्र होंगे, जहां ‘हनुमान स्तोत्र’ और ‘हनुमान चालीसा’ का पाठ करेंगे तथा अयोध्या के राम मंदिर में हुई कथित ‘‘चोरी’’ की जिम्मेदारी लेने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दबाव बनाएंगे।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं राम मंदिर में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर हुई इस चोरी से आक्रोशित सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे हमारे साथ जुड़ें और इसके लिए भाजपा को जवाबदेह ठहराएं।’’

ठाकरे ने दावा किया कि देशभर में लोग अनेक समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन केंद्र और कई राज्यों में भाजपा की सरकार होने के बावजूद जनसरोकारों के मुद्दों के प्रति ‘‘अराजकता’’ और ‘‘उदासीनता’’ का माहौल है।

उन्होंने कहा कि अविभाजित शिवसेना के कार्यकर्ता समेत अनेक हिंदुओं ने राम मंदिर आंदोलन में भाग लिया था और ‘‘कारसेवकों’’ पर हुए अत्याचार, गोधरा ट्रेन कांड, अहमदाबाद दंगे तथा मुंबई सिलसिलेवार बम विस्फोटों जैसी घटनाओं की पीड़ा झेली। लेकिन उनका आरोप है कि भाजपा ने इन घटनाओं का राजनीतिक लाभ उठाया और अब ‘‘बेलगाम सत्ता’’ का आनंद ले रही है।

Also Read : सरकार ने ई-रिक्शा को दूर से बंद करने वाले ऐप हटाने का दिया आदेश

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर विपक्षी विधायकों की खरीद-फरोख्त कराने का भी आरोप लगाया और सवाल किया कि क्या सत्तारूढ़ दल ‘‘ऑपरेशन राम मंदिर’’ चला रहा है।

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन को लेकर सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर लगाए जा रहे आरोपों का उल्लेख करते हुए ठाकरे ने सवाल किया कि क्या कथित रूप से चोरी किया गया धन विपक्षी नेताओं को अपने पाले में लाने के लिए इस्तेमाल किया गया।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रसिद्ध कथन ‘‘अब हिंदू मार नहीं खाएगा’’ का उल्लेख करते हुए ठाकरे ने कहा, ‘‘अब मैं कहना चाहता हूं- ‘अब हिंदू माफ नहीं करेगा।’’’

उन्होंने राम मंदिर के दानपात्रों से कथित चोरी में शामिल लोगों को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए कहा कि ‘‘हिंदुत्व के नाम पर लूट’’ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ठाकरे ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा का नारा ‘‘मंदिर वहीं बनाएंगे’’ महज एक दिखावा साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन में शामिल लोगों के बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा।

राम मंदिर के चढ़ावे के कथित गबन का मामला सात जून को सामने आया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई।

इस मामले में मंदिर में चढ़ावे के संग्रह और उसकी गिनती की प्रक्रिया से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और मामले की जांच जारी है।

Pic Credit : ANI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

5 × 2 =