nayaindia Clouds may rain in the national capital राष्ट्रीय राजधानी में बरस सकते हैं बादल

राष्ट्रीय राजधानी में बरस सकते हैं बादल

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह से जारी सूरज की लुकाछिपी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के कारण गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं। मौसम के ‘ठंडे’ मिजाज से चिलचिलाती धूप और लू से परेशान दिल्लीवासी राहत महसूस कर रहे हैं।

मौसम विभाग (Meteorological Department) ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय है, जिससे बुधवार को उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में वर्षा (Rain), ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। जिससे यहां गुरुवार तक अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। पिछले तीन दिनों से दिल्ली और पूरे उत्तर भारत के कुछ हिस्से लू की चपेट में हैं, जिससे कुछ स्थानों पर तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

मौसम अधिकारियों ने कहा कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से 24 मई से गर्म मौसम की स्थिति से राहत मिल सकती है। इस स्थिति में तीन से चार दिनों तक हल्की वर्षा और बादल छाए रहने के आसार हैं।

अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं जबकि हिमाचल प्रदेश में आज अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा के अनुमान हैं। इसी अवधि के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित,बलूचिस्तान, मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड, पंजाब, दक्षिण हरियाणा से जुड़े पंजाब के क्षेत्रों और उत्तरी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि के आसार हैं। दिल्ली एनसीआर में भी बुधवार और गुरुवार को आंधी आने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य और पश्चिम भारत में अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होने के आसार हैं, जिसके बाद, दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने अनुमान हैं। विभाग ने 23 और 24 मई को पश्चिम बंगाल, सिक्किम बंगाल की दक्षिण खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की तेज़ रफ्तार से आंधी आने की चेतावनी दी है। (वार्ता)

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें