गुवाहाटी। असम की सरकार ने गोमांस पर पाबंदी लगा दी है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्रिमंडल की बैठक में गोमांस पर पाबंदी लगाने का फैसला किया गया। इस फैसले के बाद अब राज्य के होटलों, रेस्तरां और सार्वजनिक जगहों पर गोमांस नहीं परोसा जा सकेगा। राज्य कैबिनेट के इस फैसले की घोषणा करते हुए जल संसाधन मंत्री पीयूष हजारिका ने मुख्य विपक्षी कांग्रेस पर हमला किया और कहा- कांग्रेस इस फैसले का स्वागत करे या पाकिस्तान जाए।
गौरतलब है कि सामगुरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान हुआ था। 23 नवंबर को नतीजे आने के बाद कांग्रेस की हार पर सांसद रकीबुल हुसैन ने आरोप लगा था कि भाजपा ने गोमांस बांट कर चुनाव जीता है। रकीबुल हसन इस सीट से पांच बार विधायक रहे हैं और यह मुस्लिम बहुल सीट है। उनके लोकसभा का चुनाव जीतने के बाद ही यह सीट खाली हुई थी, जिसका उपचुनाव कांग्रेस हार गई है।
बहरहाल, रकीबुल हसन के जवाब में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को भाजपा की एक बैठक के बाद मीडिया से कहा था- वे राज्य में गोमांस पर प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार हैं, बशर्ते कांग्रेस इसे लिखित में दें। सरमा ने पूछा था- क्या गोमांस देकर सामगुरी सीट जीती जा सकती है? मैं जानना चाहता हूं कि क्या कांग्रेस मतदाताओं को गोमांस देकर सामगुरी जीत रही थी। गौरतलब है कि 2021 में सामगुरी से जीते रकीबुल हसन इस साल धुबरी लोकसभा सीट से 10.12 लाख से अधिक मतों के रिकॉर्ड अंतर से जीतकर सांसद बने है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

