राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

त्रिपुरा में 16 नगर निकायों के लिए कल होगा मतदान

त्रिपुरा में 16 शहरी निकायों के चुनाव के लिए शुक्रवार को होने वाले मतदान के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इन चुनावों में कुल 5,65,513 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 2,76,631 पुरुष और 43 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। चुनाव मैदान में 733 उम्मीदवारों अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

चुनाव मैदान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 266, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के 228, कांग्रेस के 201, टिपरा मोथा पार्टी के नौ, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के छह और 233 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भाजपा राज्य के 21 शहरी निकायों में से पांच पर निर्विरोध जीत हासिल कर चुकी है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त पीके चक्रवर्ती ने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। निर्वाचन आयोग ने 704 मतदान केंद्र बनाए हैं और 909 मतदान दल तैनात किए हैं। चुनाव ड्यूटी के लिए करीब 4,600 कर्मचारियों को लगाया गया है। इनमें से अधिकांश कर्मचारी अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंच चुके हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए त्रिपुरा पुलिस और त्रिपुरा स्टेट राइफल्स के करीब 7,000 जवानों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 39 कंपनियों के 3,000 जवान तैनात किए गए हैं।

Also Read : संविधान का गला घोंटने वाले ‘लाल किताब’ से कर रहे गुमराह: योगी

श्री चक्रवर्ती ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है। निर्वाचन आयोग चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिला प्रशासन, जिला मजिस्ट्रेटों, जिलाधिकारियों और पुलिस के साथ मिलकर काम कर रहा है।

मतदान 27 नवंबर को सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक होगा। चुनाव प्रचार पर रोक की अवधि 25 नवंबर को शाम चार बजे से शुरू हो गई है और मतदान समाप्त होने तक जारी रहेगी। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने विश्वास जताया कि प्रशासन, सुरक्षा बलों और चुनाव अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से नगर निकायों के चुनाव सुचारु और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होंगे।

अगरतला नगर निगम (एएमसी) में भी सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यहां 27 नवंबर को 51 वार्डों के लिए 439 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे।

पश्चिम त्रिपुरा के जिला मजिस्ट्रेट डॉ. विशाल कुमार ने कहा कि सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान क्षेत्रों में चुनाव कर्मचारी, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया है।

उन्होंने कहा कि चुनाव संबंधी ड्यूटी के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा उपाय मजबूत किए गए हैं। उन्होंने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने और चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने का भी आग्रह किया। डॉ. कुमार ने कहा कि त्रिपुरा पुलिस, त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (टीएसआर) और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवान पर्याप्त संख्या में मौजूद हैं। मतदान केंद्रों के अंदर और आसपास के इलाकों के साथ-साथ अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी सुरक्षा टीमें तैनात की गई हैं। किसी भी घटना पर त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए सीएपीएफ कर्मियों वाली विशेष स्ट्राइक टीमों और छोटी इकाइयों का गठन किया गया है। शिकायतें प्राप्त करने और समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए एक समर्पित नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment

और पढ़ें