बेंगलुरू। कर्नाटक सेक्स स्कैंडल की पीड़ित महिलाओं को कांग्रेस पार्टी की राज्य सरकार सरकारी मदद देगी। भाजपा की सहयोगी जेडीएस के दो बड़े नेता विधायक एचडी रेवन्ना और सांसद प्रज्जवल रेवन्ना इस सेक्स स्कैंडल से जुड़े हैं। माना जा रहा है कि दोनों ने सैकड़ों महिलाओं का यौन शोषण किया है। इस मामले की जांच के लिए बनाई गई विशेष जांच टीम यानी एसआईटी ने एचडी रेवन्ना को गिरफ्तार किया है। साथ ही प्रज्ज्वल रेवन्ना के खिलाफ दो लुकआउट सरकुलर जारी किए गए हैं।
बहरहाल, इस मामले की पीड़ित महिलाओं को सरकारी मदद की घोषणा कांग्रेस ने की है। कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की मौजूदगी में यह घोषणा की। सुरजेवाला ने बेलगावी में मीडिया से चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह से 10 सवाल भी पूछे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी को प्रज्ज्वल का सच पता था, फिर भी उन्होंने सच छिपाया।
इससे पहले शनिवार को कर्नाटक सेक्स स्कैंडल में पूर्व मंत्री एचडी रेवन्ना एसआईटी ने हिरासत में लिया है। उन्हें अपहरण के मामले में गिरफ्तार किया गया है। रेवन्ना की अग्रिम जमानत की अपील खारिज होने के बाद यह कार्रवाई हुई। रेवन्ना के साथ साथ उनके सहयोगी सतीश बबन्ना को भी गिरफ्तार किया गया है। इस मामले के दूसरे आरोपी प्रज्ज्वल रेवन्ना 26 अप्रैल को दूसरे चरण के मतदान के बाद जर्मनी चले गए। 28 अप्रैल को प्रज्ज्वल के खिलाफ उनके घर में काम कर चुकी एक महिला ने यौन उत्पीड़न की शिकायत की थी। इसके बाद प्रज्ज्वल के दो सौ से ज्यादा वीडियो सामने आए।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



