अमरावती। आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनावों में एन चन्द्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली तेलुगू देशम पार्टी (तेदपा) का गठबंधन बड़ा उलट-फेर करते हुए राज्य में सत्ता में वापसी करता दिख रहा है। राज्य में 175 सदस्यी विधानसभा के चुनाव की मंगलवार को चल रही मतगणना के ताजा रूझानों के अनुसार तेदपा ने छह सीटों पर जीत हासिल की है जबकि 127 सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। तेदपा के सहयोगी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक सीट मिली है और सात सीट पर पार्टी उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। वहीं जनसेना पार्टी 19 सीटों पर आगे चल रही और दो सीटों पर विजय हासिल कर ली है। श्री नायडू कुप्पम विधान सभा निर्वाचन में अपने निकटतम प्रतिद्वंदी वाईएसआर कांग्रेस के. आर. जे. भरत से 36268 मतों से आगे चल रहे थे।
मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी पुलिवेन्दला सीट पर तेदपा के बी टेक रवि से 54797 मतों की बढत लिये हुए थे। मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखर रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार केवल 13 सीट पर आगे चल रहे थे। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में वाईएसआर कांग्रेस को 151 सीटों पर जीत हासिल हुई थी, जबकि श्री नायडू की तेदपा 23 सीटों पर सिमट गयी थी।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने श्री नायडू को फोन कर उनके पार्टी के प्रदर्शन पर बधाई दी। राज्य में भाजपा और पवन कल्याण की जनसेना पार्टी ने तेदपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा है। राज्य में लोकसभा की 25 सीटों में से तेदपा 16 सीटों पर और वाईएसआर कांग्रेस चार, भाजपा तीन और जनसेना पार्टी दो सीटों पर आगे चल रही है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



