nayaindia arvind kejriwal योगी हटा दिये जाएंगे: केजरीवाल

योगी हटा दिये जाएंगे: केजरीवाल

लखनऊ। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर दोहराया है कि लोकसभा चुनाव जीत कर अगर नरेंद्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनते हैं तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हटा दिया जाएगा। केजरीवाल ने यह भी दोहराया है कि प्रधानमंत्री मोदी चुनाव जीतने के बाद अमित शाह को ही अपना उत्तराधिकारी बनाएंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने गुरुवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ प्रेस कांफ्रेंस की और दावा किया कि भाजपा चुनाव नहीं जीतने जा रही है।

योगी और अमित शाह को लेकर किए अपने दावे को दोहराते हुए केजरीवाल ने कहा- मैंने दिल्ली में जो कहा था उस पर किसी भी भाजपा नेता की टिप्पणी नहीं आई। योगी का पद से हटना अब लगभग तय है। उन्होंने कहा- पीएम मोदी ने तय कर लिया है कि अमित शाह को वारिस बनाएंगे। दो, तीन साल से इसके लिए लगे भी हैं। इसमें जो नेता बाधा बन सकता है। उन्हें हटा दिया गया। जैसे, शिवराज सिंह, वसुंधरा राजे। केजरीवाल ने आगे कहा- अब एक ही शख्स बचे हैं, जो राह का कांटा बन सकते हैं, वो हैं योगी। उन्हें हटाने का मन बना लिया है। अगर पीएम चुनाव जीतते हैं, तो उन्हें दो, तीन महीने में हटा दिया जाएगा।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा- पिछले कुछ समय से इन्होंने हल्ला मचाया हुआ था कि चार सौ पार सीटें चाहिए। ये लोग कहते थे कि पीएम मोदी कुछ बड़ा काम करना चाहते हैं। लोगों ने अंदर से पता कराया तो मालूम हुआ कि ये लोग आरक्षण खत्म करना चाहते हैं। संघ और भाजपा शुरू से ही आरक्षण के खिलाफ रही है। केजरीवाल ने कहा- ये संविधान को तार तार करना चाहते हैं। अब पूरे देश में इनके खिलाफ माहौल बन चुका है। यूपी, हरियाणा, बिहार, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब आर महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में इनकी सीटें कम हो रही हैं। चार जून को विपक्षी गठबंधन की सरकार बन रही है।

साझा प्रेस कांफ्रेंस में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा- जो देश का माहौल है, भाजपा चार चरणों में चारों खाने चित्त हो गई। अब वह स्वयं स्वीकार कर रहे हैं कि 143 सीटों से ज्यादा नहीं जीत रहे हैं। 140 करोड़ की जनता इनको 140 सीटों के नीचे पहुंचा देगी। यह यूपी, दिल्ली और पंजाब की 99 सीटों पर ही उलझ के रह गए हैं। यहां सबसे बड़ी हार भाजपा की होने जा रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें