नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव को दोबारा कराने की मांग की है। गौरतलब है कि बुधवार, 20 नवंबर को हुए उपचुनाव में सपा ने हर जगह धांधली के आरोप लगाए हैं। सपा ने मीरापुर, कुन्दरकी, कटेहरी और सीसामऊ सीट पर खासतौर से गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। हालांकि मतदान के दौरान सपा की शिकायत पर चुनाव आयोग ने 10 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। सपा का आरोप था कि पुलिस वाले मतदाताओं के वोटर आईडी चेक कर रहे हैं और उन्हें वोट डालने से रोक रहे हैं।
गौरतलब है कि शनिवार, 23 नवंबर को वोटों की गिनती होनी है। उससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट पर भाजपा और पुलिस प्रशासन पर बड़ा हमला बोलते हुए उपचुनाव दोबारा कराने की मांग कर डाली है। रामगोपाल यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा है- कल उत्तर प्रदेश में संपन्न हुए उपचुनाव समाजवादी पार्टी और संबंधित क्षेत्रों के जिला अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच थे न की सपा और बीजेपी के बीच. जिस तरह का नंगा नाच कल पुलिस ने उपचुनावों में खासकर मीरापुर, कुन्दरकी, सीसामऊ और कटहरी में किया वह लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है।
रामगोपाल यादव ने आगे लिखा- ज्यादती तो हर जगह हुई है लेकिन उपरोक्त क्षेत्रों में प्रशासन ने मर्यादा की सारी सीमाएं पार कर दी हैं। मीरापुर, कुन्दरकी सीसामऊ में मुस्लिम मतदाताओं को बंदूक की नोक पर मत डालने से रोका गया, ये चुनाव रद्द हो और दुबारा चुनाव अर्ध सैनिक बलों की देख रेख में होने चाहिए। इससे पहले भी रामगोपाल यादव ने वोटिंग के दिन कहा था कि ईमानदारी से तो बीजेपी यहां एक भी सीट जीत नहीं सकती।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.

Image Source: ANI

