लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस ने संभल में पुलिस के ऊपर पत्थरबाजी करने वालों की तस्वीरें जारी की हैं। करीब एक सौ पत्थरबाजों की तस्वीर जारी की गई। इनमें से पुलिस ने दो लोगों की तस्वीरें नाम के साथ जारी की हैं। पुलिस ने जो तस्वीरें जारी की हैं उनमें ज्यादातर आरोपी हाथ में पत्थर लिए हैं और मुंह बांधे हैं। पुलिस ने इलाके में शांति बहाली के लिए बाहरी लोगों का दौरा रोका है। पांच सांसदों को संभल जाने से पुलिस ने रोक दिया है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा का दौरा भी इसी वजह से टल रहा है।
बहरहाल, पुलिस ने पोस्टर जारी करने के बाद बताया कि अभी और वीडियो, सीसीटीवी और ड्रोन फुटेज की जांच की जा रही है। आगे और भी पोस्टर जारी किए जाएंगे। साथ ही सड़कों पर पोस्टर और होर्डिंग्स भी लगाए जाएंगे। पुलिस ने अब तक चार महिलाओं सहित 27 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। इन्हें कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बुधवार को संभल पुलिस ने दीपासराय इलाके का एक फुटेज भी जारी किया। इसमें महिलाएं छत से पत्थर फेंकते नजर आ रही है।
गौरतलब है कि संभल में 24 नवंबर को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान पथराव और हिंसा हुई थी। इसमें चार लोगों की मौत हो गई थी। इस दौरान कई घंटे तक पथराव हुआ था। इसके बाद से इलाके में अभी भी तनाव बना हुआ है। जगह जगह बैरिकेडिंग की गई है और पुलिस तैनात है। संभल हिंसा का एक और वीडियो सामने आया है। इसमें सपा सांसद जियाउर रहमान बर्क के घर के पास कुछ महिलाएं छतों से पुलिस पर पत्थर मारते नजर आ रही हैं।
पुलिस की ओर से पोस्टर जारी होने के बाद बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा- कानून बिगाड़ने वालों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पत्थरबाजी करने वाले, दंगा भड़काने वाले उपद्रवियों के पोस्टर सार्वजनिक स्थान पर लगाए जाएंगे। सार्वजनिक संपत्ति का जो नुकसान हुआ है। उसकी भरपाई उपद्रवियों से कराई जाएगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

