nayaindia Manish Sisodia AAP सिसोदिया पर अभियान चलाएगी आप

सिसोदिया पर अभियान चलाएगी आप

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने तय किया है कि वह मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ अभियान चलाएगी और घर घर जाकर लोगों की इसकी कहानी बताएगी। पार्टी पांच मार्च से यह अभियान चलाएगी। इस बीच पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला किया और कहा कि आज अगर सिसोदिया और सत्येंद्र जैन भाजपा में शामिल हो जाएं तो कल उनकी रिहाई हो जाएगी।

बहरहाल, बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुई बैठक में पांच मार्च से अभियान शुरू करने का फैसला किया गया। इसमें आम आदमी पार्टी लोगों को बताएगी कि दिल्ली के शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल से परेशान होकर भाजपा ने मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को जेल भिजवाया है। इलाके के विधायक इस घर घर अभियान का नेतृत्व करेंगे। बाद में केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस भी की, जिसमें उन्होंने कहा कि दिल्ली में लोगों में बहुत नाराजगी है।

केजरीवाल ने बुधवार को कहा- मेरी बहुत से लोगों से बात हुई है, जनता में बहुत रोष है। जनता कह रही है कि बीजेपी वाले क्या कर रहे हैं? जिसको मर्जी पकड़ कर जेल में डाल देते हैं। प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करते हुए केजरीवाल ने कहा- प्रधानमंत्री जी ने हमारे दो सबसे अच्छे मंत्रियों को गिरफ्तार कर लिया है। सत्येंद्र जैन जो हमारे स्वास्थ्य मंत्री थे और मनीष सिसोदिया जो शिक्षा मंत्री थे उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इन दोनों मंत्रियों पर केवल आम आदमी पार्टी को नहीं पूरे देश को गर्व है।

केजरीवाल ने कहा- शराब नीति तो बहाना है, सब फर्जी है। असल में प्रधानमंत्री जी चाहते हैं दिल्ली में जो अच्छा काम हो रहा है उसको रोका जाए। जो काम हम कर रहे हैं वो नहीं कर सकते हैं। भाजपा पर हमला करते हुए उन्होंने कहा- मध्य प्रदेश, गुजरात और कई जगह इतने सालों से उनकी सरकार चल रही है लेकिन एक स्कूल ठीक नहीं कर पाए, एक अस्पताल ठीक नहीं कर पाए। तो अब क्या करें तो इन्होंने सोचा कि आम आदमी पार्टी को अच्छे काम मत करने दो, इनको रोको।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा- मैं दिल्ली और देश की जनता को आश्वासन देना चाहता हूं कि काम नहीं रुकेगा। दिल्ली का अच्छा काम जारी रहेगा। पहले 80 की स्पीड से चल रहा था तो अब 150 की स्पीड से चलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की जगह आतिशी और सौरभ भारद्वाज संभालेंगे। केजरीवाल ने कहा- आतिशी और सौरभ भारद्वाज शानदार प्रोफेशनल पढ़े लिखे लोग हैं, यह दोनों अब संभालेंगे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें