राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

हेमंत सरकार पर शाह का निशाना

चाईबासा/कोरबा। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को दो आदिवासी बहुल राज्यों का दौरा किया। वे पहले झारखंड पहुंचे, जहां उन्होंने चाईबासा में एक जनसभा को संबोधित किया। उसके बाद वे छत्तीसगढ़ के कोरबा गए और वहां भी एक सभा को संबोधित किया। कोरबा से वे रायपुर पहुंचे, जहां से दिल्ली लौट गए। झारखंड के चाईबासा में उन्होंने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा और कहा कि आदिवासी मुख्यमंत्री की सरकार आदिवासी विरोधी है।

झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने राज्य की स्थानीयता नीति पर सवाल उठाया और कहा कि बाहरी भीतरी की बहस छेड़ने की बजाय राज्य सरकार को घुसपैठियों को बाहर निकालना चाहिए। इसे सांप्रदायिक रंग देते हुए उन्होंने कहा कि घुसपैठिए राज्य की आदिवासी बहनों को बरगला कर उनसे शादी कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आदिवासी बहनें हेमंत सोरेन को माफ नहीं करेंगी। उनके कार्यक्रम में भाजपा के तीनों पूर्व मुख्यमंत्री- बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास और अर्जुन मुंडा मौजूद थे।

अमित शाह झारखंड के चाईबासा से सीधे छत्तीसगढ़ के कोरबा पहुंचे। पहले उन्हें राजधानी रायपुर होते हुए कोरबा पहुंचना था। लेकिन ऐन मौके पर उनके दौरे में बदलाव किया गया। कोरबा पहुंचने के बाद अमित शाह का बीजेपी नेताओं ने जोरदार स्वागत करते हुए हल भेंट किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि, श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ आना उनका सौभाग्य है। यहां की जनता ने बीजेपी को 15 साल शासन करने का मौका दिया, उसके लिए धन्यवाद।

शाह ने कहा- पहले सभी छत्तीसगढ़ को बीमारू राज्य कहते थे, लेकिन बीजेपी ने इसे बीमारू से विकसित राज्य बनाने की ओर अग्रसर किया। अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये केवल झूठ बोलते हैं। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार करने के अलावा कुछ नहीं किया। गृह मंत्री ने आगे कहा- हमने 15 सालों में प्रदेश से नक्सलवाद को खत्म किया। कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए क्या किया? कांग्रेस सरकार ने जनजातियों के लिए क्या किया? उन्होंने कहा कि बीजेपी ने आदिवासी बेटी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाया।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें