nayaindia Rahul Gandhi राहुल के कहे पर भाजपा का आरोप

राहुल के कहे पर भाजपा का आरोप

नई दिल्ली/लंदन। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक और बयान पर विवाद हो गया है। सोमवार को ब्रिटेन की संसद में विपक्षी लेबर पार्टी की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में राहुल गांधी के भाषण को लेकर भाजपा ने आरोप लगाया है कि राहुल ने अमेरिका और यूरोप को भारत के अंदरूनी मामले में दखल देने के लिए कहा है। हालांकि मंगलवार को कांग्रेस ने इसका खंडन किया और कहा कि राहुल ने अमेरिका और यूरोप को दखल देने के लिए नहीं कहा है।

असल में राहुल गांधी ने ब्रिटेन की संसद के कार्यक्रम में कहा था कि भारत में लोकतंत्र कमजोर हुआ तो यह दुनिया के लिए संकट की बात होगी। उन्होंने कहा था- लोकतंत्र एक वैश्विक सार्वजनिक अच्छाई है। भारत काफी बड़ा है, अगर भारत में लोकतंत्र को कमजोर किया जाता है, तो यह पूरी दुनिया में कमजोर हो जाता है। उन्होंने आगे कहा- भारत का लोकतंत्र अमेरिका और यूरोप के आकार का तीन गुना है और अगर यह लोकतंत्र टूट जाता है, तो यह पूरे विश्व में लोकतंत्र के लिए एक बड़ा झटका होगा।

राहुल के इस बयान को लेकर भाजपा ने उनको निशाना बनाया और कहा कि वे अमेरिका और यूरोप को भारत में दखल देने के लिए कह रहे हैं। गौरतलब है कि राहुल ने सोमवार को लंदन में संसद परिसर में ब्रिटिश सांसदों से बातचीत की थी। उन्होंने कहा था कि भारतीय संसद में विपक्षी नेताओं के माइक्रोफोन बंद कर दिए जाते हैं। वहां विपक्ष का दमन हो रहा है। इस कार्यक्रम में राहुल ने अपने भारत जोड़ो यात्रा के अनुभव भी साझा किया।

राहुल ने संसद में माइक बंद कर दिए जाने का जिक्र करते हुए कहा- जब मैंने भारतीय संसद में अपनी बात रखने की कोशिश की है, तो ऐसा मेरे साथ कई बार हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत में विपक्ष का दमन किया जा रहा है। राहुल ने नोटबंदी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा- भारत में नोटबंदी एक विनाशकारी वित्तीय फैसला था, लेकिन हमें इस पर चर्चा करने की इजाजत नहीं थी। यहां तक की हमें जीएसटी पर भी चर्चा नहीं करने दी जाती है। राहुल ने कहा- चीनी सैनिकों के भारतीय इलाके में प्रवेश करने के मामले में चर्चा करने की भी हमें अनुमति नहीं थी। ऐसे में हमें एक घुटन महसूस होती है।

बांग्लादेश में धमाका, 14 की मौत

ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में मंगलवार को एक बड़ा धमाका हुआ। इसमें 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक सौ से  ज्यादा लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि धमाका शाम चार बज कर 50 मिनट पर पुराने ढाका के सिद्दीक बाजार में हुआ। इस दौरान वहां पर काफी लोग मौजूद थे। देर रात तक धमाकेकी वजह पता नहीं लग सकी है। हालांकि कुछ खबरों में इसे सिलेंडर ब्लास्ट बताया गया है। घायलों को ढाका मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि धमाका सिद्दीक बाजार की एक सात मंजिला इमारत में हुआ। धमाके से दो मंजिलें पूरी तरह से तबाह हो गईं। इस इमारत में घरों की सफाई में काम आने वाली चीजों की दुकानें थी। माना जा रहा है कि किसी केमिकल में आग लगी और बाद में सिलेंडर ब्लास्ट हुआ। इसकी चपेट में सड़क पर खड़ी एक बस भी आ गई। धमाका इतना तेज था कि इससे सड़क के दूसरी तरफ की इमारत में बने कई ऑफिसों के शीशे टूट गए। पिछले दो हफ्ते में ढाका में इस तरह का यह तीसरा धमाका था।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें