नई दिल्ली। दिल्ली से लंदन जा रहा एयर इंडिया का एक विमान उड़ान भरने के चार घंटे बाद वापस लौट आया। सोमवार को उडान के दौरान विमान में एक यात्री ने चालक दल के साथ बदतमीजी की और मारपीट भी की, जिसकी वजह से विमान रास्ते से लौट आया। बदतमीजी करने वाले यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। एयर इंडिया ने बाकी यात्रियों से माफी मांगी और उनकी यात्रा के लिए दूसरी उड़ान का बंदोबस्त किया।
एयर इंडिया के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली से लंदन जा रही एआई-111 उड़ान में एक यात्री चालक दल से लड़ने लगा। उनके साथ मारपीट की। इसमें चालक दल के दो सदस्यों को चोट आई है। एयरलाइन की ओर से बताया गया कि विमान ने सोमवार सुबह साढ़े छह बजे लंदन के हीथ्रो के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के बाद पैसेंजर ने बदतमीजी शुरू कर दी थी। विमान में स्टाफ ने उसे बार-बार चेतावनी दी पर पैसेंजर लगातार बुरा बरताव करता रहा। उसने चालक दल के दो सदस्यों को चोट भी पहुंचाई। इसके बाद सुबह साढ़े 10 बजे फ्लाइट दिल्ली लौट आई।
एयरलाइन ने यात्री के खिलाफ दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन पर शिकायत की। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार उसका नाम जसकीरत सिंह है और वह कपूरथला पंजाब का है। वह अपने माता-पिता के साथ लंदन जा रहा था। एयरलाइन ने पूरी घटना को लेकर बाकी के पैसेंजर्स को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी। बताया जा रहा है कि जिस समय चालक दल ने वापस लौटने का फैसला किया उस समय विमान पाकिस्तान के पेशावर के नजदीक उड़ान भर रहा था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


