nayaindia Heat wave उत्तरी और पूर्वी राज्यों में गर्मी का कहर

उत्तरी और पूर्वी राज्यों में गर्मी का कहर

नई दिल्ली। देश के उत्तरी और पूर्वी राज्यों में अप्रैल के मध्य में ही गर्मी कहर ढा रही है। देश के 10 राज्यों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री या उससे ऊपर है। पूर्वोत्तर के कई राज्यों में गर्मी की वजह से स्कूल-कॉलेज बंद करने पड़े हैं। पश्चिम बंगाल के अलावा पूर्वोत्तर के दो राज्यों- त्रिपुरा और मेघालय में स्कूल-कॉलेज बंद किए गए हैं। बिहार सहित कई राज्यों में स्कूलों का समय बदला गया है।

पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके और ओडिशा में पिछले कुछ दिनों से लू चलने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने बिहार के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की है। वहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा या औसत से साढ़े चार से साढ़े छह डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा होने की संभावना है। मौसम विभाग की तरफ से ऐसी ही चेतावनी पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के लिए भी जारी किया गया है।

देश के कई हिस्सों में 40 डिग्री से ऊपर तापमान पहुंच गया है। गर्मी बढ़ने के बाद त्रिपुरा सरकार ने भीषण लू की स्थिति को देखते हुए 23 अप्रैल तक सभी स्कूलों को बंद रखने की घोषणा की है। वहीं पश्चिम बंगाल में भी शनिवार तक सभी स्कूल बंद रहेंगे। मेघालय के शिलांग में भी 21 अप्रैल तक स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस बीच कुछ उत्तरी राज्यों में बारिश हुई है। जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश सहित पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग ने कहा है कि जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में आने वाले दिनों में भी बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी अगले दो दिन में कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है।

Tags :

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें