नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने राष्ट्रीय राजधानी के सरकारी शिक्षकों को एक प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए फिनलैंड जाने की अनुमति देने का उपराज्यपाल वीके सक्सेना (VK Saxena) से शनिवार को एक बार फिर अनुरोध किया।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा पेशेवर प्रशिक्षण के लिए सिंगापुर की यात्रा के लिए राज्य सरकार के 36 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के तुरंत बाद केजरीवाल ने एक ट्वीट के माध्यम से यह अनुरोध किया।
केजरीवाल ने ट्वीट किया, पंजाब के 36 प्रधानाचार्यों का पहला जत्था आज प्रशिक्षण के लिए सिंगापुर रवाना हो गया है। ये पंजाब के बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए है। उपराज्यपाल साहब से मेरी गुजारिश है, दिल्ली के शिक्षकों को भी प्रशिक्षण के लिए फिनलैंड जाने दीजिए। दिल्ली के शिक्षकों और बच्चों से आप इतनी नफरत क्यों करते हैं? केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब में सत्ता में है।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने 12 जनवरी को आरोप लगाया था कि उपराज्यपाल ने स्कूली शिक्षकों को प्रशिक्षण हासिल करने के लिए फिनलैंड जाने से रोक दिया था, जिससे दिल्ली सरकार और सक्सेना के बीच जारी खींचतान में एक नया मोड़ आ गया था। सिसोदिया के पास शिक्षा विभाग भी है। उन्होंने दावा किया है कि आप के नेतृत्व वाली सरकार ने प्रशिक्षण के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया था और इसे उपराज्यपाल के पास भेजा गया था, जिन्होंने इसे यह कहते हुए ‘खारिज’ कर दिया था कि प्रशिक्षण देश में ही दिया जा सकता है। केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार तभी से उपराज्यपाल से शिक्षकों के फिनलैंड दौरे के मुद्दे पर अनुमति मांग रही है।
पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने शनिवार को कहा कि आप ने पिछले साल विधानसभा चुनाव से पहले लोगों को गारंटी दी थी कि राज्य में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से बदल दी जाएगी। राज्य के विद्यालयों के प्रधानाचार्य छह से 10 फरवरी तक सिंगापुर में पेशेवर शिक्षक प्रशिक्षण सेमिनार में भाग लेंगे। (भाषा)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


